Breaking News

शहर में कल से जारी जलसंकट से लोग परेशान : विधायक वोरा सुबह से करते रहे भागदौड़ : कुंभकर्णी नींद में सोते रहे निगम के जिम्मेदार जनप्रतिनिधि और अधिकारी

  • सोशल मीडिया पर लोगों का गुस्सा महापौर और जल कार्य प्रभारी सहित निगम अधिकारियों पर फूटा
  • वोरा ने अधिकारियों को तत्काल व्यवस्था दुरुस्त करने कहा

द सीजी न्यूज

शहर में बुधवार से शुरू हुआ जलसंकट आज गुरुवार को भी जारी रहा। कई जगहों पर आज सुबह नल नहीं खुले। जहां नल खुले, वहां गंदे पानी की शिकायत भी मिली। विधायक अरुण वोरा ने कल देर शाम को निगम कमिश्नर से व्यवस्था दुरुस्त करने त्वरित कदम उठाने कहा। वोरा ने आज सुबह से इंटेकवेल और फिल्टर प्लांट जाकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और निगम अधिकारियों को स्वच्छ पेयजल सप्लाई करने निर्देशित किया।

जलसंकट काल में गजब ये रहा कि नगर निगम के मुखिया महापौर धीरज बाकलीवाल सीन से पूरी तरह गायब रहे। जल कार्य प्रभारी संजय कोहले का भी कहीं अता पता नहीं है। वोरा निगम के वित्त प्रभारी दीपक साहू के साथ इंटेकवेल और फिल्टर प्लांट का दौरा करते रहे। उनके साथ एमआईसी मेंबर भोला महोबिया, पार्षद बिजेंद्र भारद्वाज, पूर्व पार्षद प्रकाश गीते भी मौजूद रहे।

सोशल मीडिया पर नगर निगम के जिम्मेदारों की कुंभकर्णी नींद और शहरवासियों के प्रति लापरवाही की जमकर चर्चा हो रही है। दरअसल आज ईद उल अजहा का त्यौहार भी मनाया जा रहा है। मुसलमान आज सुबह से नमाज पढ़ने के लिए ईदगाह, मस्जिद के लिए रवाना हुए। कल शाम को पानी सप्लाई न होने और आज सुबह सप्लाई में देर होने के कारण लोगों को काफी परेशानी हुई। लोगों का गुस्सा महापौर और जल कार्य प्रभारी सहित निगम अधिकारियों पर फूटता रहा।

इधर, वोरा ने बताया कि पटरीपार सहित शहर के कई वार्डों से सुबह से जलसंकट की शिकायतें मिल रही थी। समस्या सुलझाने के लिए निगम कमिश्नर को आज सुबह कहा गया है। कमिश्नर लोकेश चंद्राकर ने जानकारी दी है कि इंटेकवेल में जलकुंभी फंसने के कारण पानी टंकियां नहीं भर पा रही है। आज दोपहर तक नदी का वाटर लेवल कम होने पर गोताखोरों की मदद से सफाई कराई जाएगी। इसके बाद पानी सप्लाई की समस्या नहीं रहेगी।

Check Also

टाउनशिपवासी बोले – डॉयलागबाजी की बजाय केंद्रीय इस्पात मंत्री या बीएसपी प्रबंधन से करें सार्थक चर्चा करें … बलिदान देने की बयानबाजी बेतुकी …

द सीजी न्यूज लीज, रिटेंशन और लाइसेंसधारकों को बीएसपी प्रबंधन की नोटिस मिलने के मुद्दे …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!