- विधायक अरुण वोरा और शहर सरकार की कमीशनखोरी की पराकाष्ठा है शहर की उखड़ी सड़कें
- पिछले साढ़े 4 सालों में सड़क दुर्घटना में हुई प्रत्येक मौत के जिम्मेदार अरुण वोरा हैं – जितेन्द्र वर्मा
द सीजी न्यूज
दुर्ग। नगर निगम दुर्ग द्वारा 8-10 दिनों पहले कराए गए सड़क डामरीकरण के पहली बारिश में ही घुल जाने को भ्रष्टाचार की पराकाष्ठा बताते हुए भाजपा ने आज विरोध प्रदर्शन किया। जिला भाजपा अध्यक्ष जितेंद्र वर्मा के नेतृत्व में उखड़ी सड़क पर लोगों को इकट्ठा करके सड़क डामरीकरण की पोल खोली गई। शनिचरी बाजार से लेकर सत्ती चौरा जाने वाली सड़क पर अनोखा प्रदर्शन किया गया।
प्रदर्शन के दौरान यमराज और यमदूत का पुतला बनाकर भाजपा नेताओं ने कहा कि दुर्ग की सड़कें जनता के लिए यमराज और यमदूत साबित हो रही है। इसके कारण दुर्ग के नागरिक पिछले साढे़ 4 साल में सड़क दुर्घटना में असमय काल कवलित हो चुके हैं। इसके बावजूद सड़क निर्माण में भ्रष्टाचार जारी है। 8 – 10 दिनों में ही सड़कों पर बड़े-बड़े गड्ढे हो गए। भाजपा नेताओं ने नगर निगम की संवेदनहीनता को दिखाते हुए निगम सरकार की अर्थी निकालकर शहर में भ्रमण किया।
जिला भाजपा अध्यक्ष जितेंद्र वर्मा ने कहा कि दुर्ग के कांग्रेस विधायक अरुण वोरा और शहर सरकार ने साढ़े 4 सालों तक दुर्ग की कोई सुध नहीं ली। चुनाव नजदीक आने पर जनता को दिखाने के लिए शहर की कुछ क्षतिग्रस्त सड़कों का निर्माण शुरू तो कराया लेकिन ये सड़कें कांग्रेस विधायक अरुण वोरा और महापौर धीरज बाकलीवाल की कमीशनखोरी की भेंट चढ़ गई। शहर में निर्माण कार्य के बहाने विधायक अरुण वोरा और महापौर धीरज बाकलीवाल की जुगलबंदी कमीशनखोरी को अंजाम दे रही है।
वर्मा ने कहा कि विधायक, नगर निगम और ठेकेदारों की सांठ-गांठ के चलते दुर्ग में मात्र 8 – 10 दिन पहले बनी नई सड़कें की पहली बारिश भी नहीं झेल सकी। इन सड़कों का डामरीकरण घुल चुका है और गिट्टियां बाहर निकल आई है। डामरीकरण के नाम पर केवल जनता की मेहनत की कमाई को बर्बाद किया जा रहा है। भाजपा के आंदोलन से डरकर बारिश में घुल चुकी सड़क पर डामर का घोल और रेत डालकर लीपापोती का काम चालू है, लेकिन लीपापोती से यह छुपने वाला नहीं है।
दुर्ग विधायक अरुण वोरा के संरक्षण में महापौर धीरज बाकलीवाल द्वारा मनमाने तरीके से कमीशनखोरी कर ठेके बांटे जा रहे हैं। गुणवत्ताहीन निर्माण कार्य करके शासकीय धन बर्बाद किया जा रहा है। ऐसे सभी ठेकेदार जिन्होंने विगत साढ़े 4 वर्षों में नगर निगम में काम किया है, सबके कार्यों की जांच होनी चाहिए और ऐसे ठेकेदारों को काली सूची में डालते हुए उनसे शासकीय धन की वसूली होनी चाहिए। दुर्ग शहर में विधायक द्वारा विकास कार्य जारी करवाने का दावा करना केवल दिखावा है इसके पीछे भ्रष्टाचार करना ही एकमात्र उद्देश्य है।
विगत दिनों पोटिया में सड़क दुर्घटना में होनहार युवती को खोया। अगस्त 2022 में भी पदमनाभपुर पोटिया रोड में हुए गड्ढे में एक्टिवा का पहिया आने के बाद इसमें सवार मां-बेटी दोनों गिर गए, इस दौरान सामने से आ रही ट्रक ने 14 वर्षीय बेटी को अपने चपेट में ले लिया। साढ़े 4 सालों में हुई सड़क दुर्घटना में हुई प्रत्येक मृत्यु के जिम्मेदार शहर विधायक अरुण वोरा है।
विरोध प्रदर्शन में ललित चंद्राकर, सुरेंद्र कौशिक, दिलीप साहू ,अलका बाघमार ,कांतिलाल जैन, आशीष निमजे, रोहित साहू, अमिता बंजारे, नीलेश अग्रवाल, राजा महोबिया, जितेंद्र राजपूत, दिव्या कलिहारी, मदन वाढई, विजय ताम्रकार, सुनील अग्रवाल, डॉ. सुनील साहू, मनमोहन शर्मा, श्याम शर्मा, कृष्णा निर्मलकर, नरेश शर्मा, नितेश साहू, मनोज शर्मा, जयश्री राजपूत, रूपेश्वरी साहू, शिवेंद्र परिहार, अरुण सिंह, ममता देवांगन, अनुसूईया साहू, जितेंद्र साहू, गोपू पटेल, अमन गौतम, प्रमोद नामदेव, दाऊ डोमार, राजेश साहू, नितिन नायक, प्रशांत अग्रवाल, छन्नु यादव मौजूद रहे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal

