- सरगुजा को मिली बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं की सौगात
- मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने किया मेडिकल कॉलेज भवन का लोकार्पण
- कुल 374.08 करोड़ की लागत से राजमाता देवेन्द्र कुमारी सिंहदेव शासकीय मेडिकल कॉलेज, चिकित्सालय और आवासीय परिसर का निर्माण
द सीजी न्यूज

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज अपने निवास कार्यालय से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये सरगुजा जिले में आयोजित ‘राजमाता देवेन्द्र कुमारी सिंहदेव शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय का वर्चुअल लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री निवास से उप मुख्यमंत्री टी. एस. सिंहदेव, मुख्यमंत्री के सलाहकार राजेश तिवारी और कार्यक्रम स्थल पर संस्कृति मंत्री अमरजीत भगत, संसदीय सचिव चिंतामणि महाराज व जनप्रतिनिधिगण भी उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कहा कि आज का यह दिन सरगुजा के लोगों के लिए बड़ी उपलब्धियों वाला दिन है। मेरे लिए भी यह बहुत खुशी का अवसर है कि आज राजमाता देवेंद्र कुमारी सिंहदेव शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय का लोकार्पण हो रहा है। इस मेडिकल कॉलेज भवन, चिकित्सालय और आवासीय परिसर की कुल लागत 374 करोड़ रुपए है। इस मेडिकल कॉलेज की खासियत है कि यहां मेडिकल स्टूडेंट्स के कौशल एवं दक्षता विकास के लिए स्किल्स लैब और बहरेपन के परीक्षण व इलाज की विशेष सुविधा उपलब्ध है।
माता राजमोहिनी देवी स्मृति चिकित्सालय में मेडिसीन, सर्जरी, आर्थोपेडिक्स, स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग, शिशुरोग विभाग, निश्चेतना विभाग, नेत्ररोग विभाग सहित तमाम तरह के विभाग हैं। अस्पताल में और भी अनेक तरह की अत्याधुनिक जांच सुविधाएं उपलब्ध होंगी। नये कॉलेज भवन में 8 विभागों का संचालन होगा, इनमें एनाटॉमी, बायोकेमेस्ट्री, फिजियोलॉजी, कम्यूनिटी मेडिसिन, फोरेंसिक मेडिसिन माइक्रोबायोलॉजी, फार्माकोलॉजी विभाग शामिल हैं। अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस इस मेडिकल कॉलेज और अस्पताल की अधोसंरचना का काम पूरा हो जाने से पूरे सरगुजा संभाग को इसका लाभ मिलेगा।
हमारा लक्ष्य है कि हम चिकित्सा और शिक्षा की इतनी मजबूत अधोसंरचना का निर्माण करें कि छत्तीसगढ़ की पहचान अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित हो। हमारे कार्यकाल में राज्य में 8 नये शासकीय मेडिकल कॉलेज खोलने की दिशा में कदम उठाए गए हैं। इनमें से 4 खोले जा चुके हैं, 4 और प्रक्रिया में है। विकासखंड से लेकर जिला मुख्यालय तक अपने सभी सरकारी अस्पतालों को सुविधाओं से लैस किया है। डॉक्टरों और मेडिकल स्टाफ की कमी को दूर करते हुए उनकी तैनाती की है।
माँ का आँचल पूरे सरगुजावासियों के लिए था एक समान
उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने भावुकता के साथ अपनी माता जी को याद करते हुए कहा कि विधानसभा में जब माता जी को श्रद्धांजलि अर्पित की जा रही थी तभी मुख्यमंत्री जी ने यह घोषणा की थी कि अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज का नाम माताजी के नाम पर होगा। आज राजमाता देवेंद्र कुमारी सिंहदेव शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय के उद्घाटन अवसर पर हम सब यहां एकत्रित हैं। आज मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने एक बड़ी संस्था के साथ उनका नाम जोड़कर हम सबको गौरवान्वित किया है। सिंहदेव ने कहा कि उनके माता-पिता के नाम पर अब तक सरगुजा में कोई भी इकाई नहीं थी। जिन्होंने बहुत कुछ किया, सरगुजा के लिए परंतु कभी जताया और बताया नहीं। आज आपके माध्यम से यह पहली इकाई है। ममतामयी स्वरूप को एक सम्मान आज दिया गया है, उसके लिए मुख्यमंत्री और छत्तीसगढ़ सरकार का आभार व्यक्त करते हैं। प्रदेश में स्थित अन्य मेडिकल कॉलेजों से बेहतर परिस्थितियां इस मेडिकल कॉलेज में उपलब्ध हैं।
अनेक सुविधाओं से लैस है मेडिकल कॉलेज
374.08 करोड़ की लागत से निर्मित इस परिसर में मुख्य रूप से 54.26 करोड़ रुपए की लागत से बने महाविद्यालय भवन, 120.73 करोड़ रुपए की लागत से बने हॉस्पिटल भवन के साथ ऑडिटोरियम, छात्रावास, स्टाफ क्वार्टर, डीन आवास सहित अन्य कार्य शामिल है। यह राज्य का छठवां मेडिकल कॉलेज है। इस मेडिकल कॉलेज की खासियत है कि यहां मेडिकल स्टूडेंट्स के कौशल एवं दक्षता विकास के लिए वृहद स्किल्स लैब और बहरेपन के परीक्षण एवं ईलाज की विशेष सुविधा उपलब्ध है।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
