- एकल श्रेणी में शामिल किए गए दोनों खेल
- एकल एवं दलीय श्रेणी को मिलाकर अब 16 खेलों में होगी स्पर्धा
द सीजी न्यूज
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की पहल पर पिछले साल शुरू की गई छत्तीसगढ़िया ओलंपिक इस साल हरेली तिहार के दिन शुरू होगी। छत्तीसगढ़िया ओलंपिक 2023-24 में एकल श्रेणी में दो नए खेल रस्सीकूद और कुश्ती को भी शामिल किया गया है। इस बार 16 तरह के खेलों में स्पर्धाएं आयोजित होंगी। दलीय और एकल श्रेणी में 8-8 तरह के खेलों को शामिल किया गया है। लगभग 2 महीने 10 दिन तक चलने वाली इस प्रतियोगिता का समापन 27 सितंबर को होगा। पारंपरिक खेलों के इस आयोजन में बड़ी संख्या में लोग हिस्सा लेते हैं। खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा इन खेलों के लिए नियमावली बनाई गई है। इस बार के छत्तीसगढ़िया ओलंपिक में शामिल रस्सीकूद और कुश्ती प्रतियोगिता के लिए बनाए गए नियम इस प्रकार हैं।
रस्सी कूद – इस खेल मे खिलाड़ी के दोनों पैर जुड़े रहेंगें। दोनों पैर का जम्प एक साथ होगा। खिलाड़ी को निर्धारित बॉक्स में ही जम्प करना होगा। रस्सी के दोनों छोर को हाथों की सहायता से कमर की उंचाई पर पकड़ना होगा। कलाई व कोहनी की सहायता से रस्सी कूदना होगा। कंधे का उपयोग अनुचित होगा। खिलाड़ी अपने स्थान पर जम्प करते हुए रस्सी को शरीर के सामने की ओर से पीछे से घुमाते हुए सिर के ऊपर से पैर तक आने पर एक जम्प गिना जाएगा। खिलाड़ी के शरीर का कोई भी हिस्सा या रस्सी का भाग यदि मार्किंग टेप को छूता है तो खिलाड़ी खेल से बाहर माना जाएगा। प्रथम व द्वितीय स्थान पर टाई की स्थिति में संयुक्त विजेता घोषित किए जाएंगे और तृतीय स्थान पर टाई की स्थिति में अतिरिक्त एक मिनट का समय जम्प करने के लिए दिया जाएगा। उस समय में ज्यादा जम्प करने वाला खिलाड़ी तृतीय स्थान पर विजेता घोषित किया जाएगा। इस खेल की समय-सीमा 15 मिनट तक रखी गई है। मैदान का आकार 6 बाई 6 फीट होगा। निर्णायकों की संख्या 03 होगी।
कुश्ती- इस खेल में महिला व पुरूष वर्ग में अलग-अलग 5 वेट केटेगरी निर्धारित की गई है। जिसमें महिला वर्ग में 40 किलोग्राम तक, 41 से 50 किलोग्राम तक, 51 से 60 किलोग्राम तक, 61 से 70 किलोग्राम तक और 70 किलोग्राम से ऊपर तक की वेट केटेगरी रखी गई है। इसी तरह पुरूष वर्ग में 50 किलोग्राम तक, 51 से 60 किलोग्राम तक, 61 से 70 किलोग्राम तक, 71 से 80 किलोग्राम तक एवं 80 किलोग्राम से ऊपर तक की वेट केटेगरी निर्धारित की गई है। कुश्ती प्रतियोगिता के लिए बनाए गए नियानुसार मैच 3 मिनट के दो अंतराल में होगा और अंतराल में 30 सेकंड का विराम मिलेगा। इसमें विभिन्न प्रकार के नियम, फाउल भारतीय कुश्ती संघ के अनुरूप होंगे। इसमें निर्णायकों की संख्या 6 होगी। निर्णायकों द्वारा नियमानुसार घोषित खिलाड़ी विजेता माना जाएगा।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
