- ताम्रध्वज साहू के विधायक बनने से क्षेत्र का विकास नहीं हुआ, उनके परिजनों और बिचौलियों का विकास हुआ : सरोज पांडेय
द सीजी न्यूज
दुर्ग। रविवार को दुर्ग ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के भाजपा कार्यकर्ताओं ने आम जनता के साथ क्षेत्रीय विधायक ताम्रध्वज साहू के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। क्षेत्र में विकास कार्यों में भ्रष्टाचार के आरोपों की बौछार करते हुए विधायक का पुतला दहन किया गया। पुतला दहन के दौरान पुलिस द्वारा युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं के साथ झूमाझटकी किए जाने से आक्रोशित भाजपा नेताओं ने चक्काजाम भी किया। प्रशासनिक अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद भाजपा नेताओं ने चक्काजाम समाप्त किया।
दुर्ग ग्रामीण विधानसभा के ग्राम अंडा में हुए प्रदर्शन के दौरान भाजपा नेताओं ने कांग्रेस सरकार के गृह मंत्री स्थानीय विधायक ताम्रध्वज साहू की निष्क्रियता, भ्रष्टाचार और क्षेत्र की अनदेखी करने पर जमकर हमला बोला। विधायक के खिलाफ भाजपा द्वारा तैयार आरोप पत्र को कार्यक्रम स्थल पर आम जनता के समक्ष रखा गया। आम जनता ने आरोपपत्र के सभी बिंदुओं पर अपनी सहमति जताते हुए भाजपा के आरोपों का समर्थन किया।
राज्यसभा सांसद डॉ. सरोज पाण्डेय ने कहा कि भूपेश बघेल मंत्रिमंडल के सबसे ताकतवर मंत्री के विधानसभा की स्थिति दयनीय है। कांग्रेस नेताओं ने 2018 में हाथ में गंगाजल लेकर घोषणा पत्र जारी किया। गंगाजल हाथ में लेकर कांग्रेस के नेताओं ने कहा कि हम शराबबंदी करेंगे और इसी शराबबंदी के वादे पर भरोसा करके छत्तीसगढ़ की मातृशक्ति ने कांग्रेस को वोट दिया, लेकिन कांग्रेस ने बहनों के भरोसे को धोखा दिया।
छत्तीसगढ़ में कुछ मिले या ना मिले शराब घर पहुंच कर मिल रही है। कोरोनाकाल में दवाई और खाने सरकारी मदद को लोग तरसते रहे लेकिन शराब की घर पहुंच सप्लाई जारी रही। ऐसे भूपेश के भरोसे पर छत्तीसगढ़ को नहीं छोड़ा जा सकता है। विकास के मुद्दे पर ताम्रध्वज साहू को घेरते हुए राज्यसभा सांसद डॉ सरोज पाण्डेय ने कहा कि ताम्रध्वज साहू के विधायक बनने के बाद क्षेत्र का विकास तो नहीं हुआ लेकिन उनके परिजनों, आसपास के लोगों और बिचौलियों का विकास जरूर हुआ है।
सरोज पांडेय ने खुला आरोप लगाते हुए कहा कि रेत माफिया और रेत का अवैध उत्खनन करने वाले लोग दुर्ग ग्रामीण विधायक से जुड़े हुए लोग हैं। महिलाओं के भरोसे को तोड़ते हुए रेडी टू ईट का ठेका शराब कंपनी चलाने वाले को दे दिया। स्व सहायता समूह चलाने वाली बहनों के कर्जा माफी पर भी धोखा दिया। भरोसे के नाम पर धोखा देने वाली ऐसी कांग्रेस सरकार को दुर्ग ग्रामीण की जनता आने वाले समय में सबक सिखाए।
जिला भाजपा अध्यक्ष जितेंद्र वर्मा ने कहा कि गृह मंत्री के क्षेत्र में कानून व्यवस्था की स्थिति चाक-चौबंद होनी चाहिए, लेकिन ताम्रध्वज साहू की आंखों के सामने गांव-गांव में बेतहाशा शराब बिक्री चल रही है, जिसके कारण परिवार टूट रहे हैं, माताएं बहने त्रस्त हैं। जुआ सट्टा पर कोई नियंत्रण नहीं है। असामाजिक तत्वों के हौसले बुलंद हैं। गांव की शांति दिन-प्रतिदिन खत्म होती जा रही है। दुर्ग ग्रामीण विधानसभा के उतई और अंजोरा क्षेत्र के सड़क निर्माण के लिए अधिग्रहित भूमि मालिकों और पट्टाधारकों को उचित मुआवजा नहीं दिया गया। गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू को निष्क्रियता, भ्रष्टाचार और क्षेत्रीय जनता की अनदेखी आने वाले समय में बहुत भारी पड़ेगी। ऐसे जनप्रतिनिधि को दुर्ग ग्रामीण की जनता बर्दाश्त नहीं करेगी।
भिलाई जिला भाजपा सह प्रभारी चेमन देशमुख और पूर्वमंत्री रमशीला साहू ने विधायक ताम्रध्वज साहू के संरक्षण में पीडब्ल्यूडी द्वारा कराए जा रहे निर्माण कार्यों में जमकर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए। पूर्व मंत्री जागेश्वर साहू, प्रीतपाल बेलचंदन, ललित चंद्राकर ने कहा कि गरीबों को पट्टा देने का वादा किया गया था, लेकिन पट्टा वितरण बंद है।
कार्यक्रम को भिलाई जिला भाजपा अध्यक्ष बृजेश बिचपुरिया, माया बेलचंदन, गौरीशंकर श्रीवास ने भी संबोधित किया। मंच संचालन दिलीप साहू और आभार प्रदर्शन मंडल अध्यक्ष गिरेश साहू ने किया। इस मौके पर सुरेंद्र कौशिक, योगेंद्र सिंह, प्रेमलाल साहू,कांतिलाल जैन, केएस चौहान, रोहित साहू आशीष निमजे, दीपक चोपड़ा, फत्ते वर्मा, शैलेंद्र शेंडे, डॉ सुनील साहू नीलेश अग्रवाल मनोज सोनी, निरुपमा चंद्राकर वीरेंद्र साहू, चंद्रप्रकाश मांडले, महेश वर्मा, स्वीटी कौशिक, पुरान देशमुख, शिव निषाद, सोनू राजपूत, पुकेश चंद्राकर, राजू जंघेल, दशरथ साहू, मुकेश बेलचंदन, लिकेश्वर बघेल, प्रवीण यदु, पूनमचंद सपहा, अजीत चंद्राकर, करण कनौजिया, सुरेश देशमुख, शोभना परहाड, संस्कृति वर्मा, रुकमणी साहू, सविता धवस, धर्मेंद्र भगत, विधि यादव, माया यादव मौजूद रहे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal

