द सीजी न्यूज
मणिपुर की घटना को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बयान पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने तीखा बयान दिया है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि पिछले 3 महीने से मणिपुर जल रहा है, लेकिन पीएम मोदी ने एक बार भी वक्तव्य नहीं दिया। इस मामले में 36 सेकेंड में अपनी बात कह दी। मणिपुर के बारे में कोई बात नहीं की, लेकिन राजस्थान और छत्तीसगढ़ को इसमें लपेट दिया। मणिपुर से छत्तीसगढ़ की तुलना प्रदेश का अपमान है।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि मणिपुर में महिला को निर्वस्त्र घुमाया गया, बलात्कार हुआ। पूरा देश इस घटना से चिंतित है। प्रधानमंत्री ने इस बारे में एक शब्द भी नहीं कहा। छत्तीसगढ़ के चुनावी दौरे में आए पीएम मोदी ने अपने भाषण में एक बार भी कानून-व्यवस्था को लेकर बात नहीं कही। अमित शाह कई बार आ चुके हैं, कानून-व्यवस्था के बारे में कोई बात नहीं कही। राजस्थान और छत्तीसगढ़ में चुनाव होने वाले है, इसलिए अचानक इन दोनों राज्यों को मणिपुर के साथ जोड़कर तुलना कर दिये। जबकि छत्तीसगढ़ में ऐसे हालात या परिस्थिति नहीं है। उत्तर प्रदेश में अदालत में हत्याएं हो रही है, अस्पताल में हत्याएं हो रही हैं। मध्यप्रदेश में आदिवासियों के साथ अनुसूचित जातियों के साथ दुर्व्यवहार हो रहा है। उसके बारे में एक शब्द भी नहीं कह रहे हैं।
सीएम भूपेश बघेल ने कहा कि प्रधानमंत्री को विदेश जाने और चुनाव प्रचार करने से फुरसत नहीं है। वे विदेश भ्रमण कर रहे हैं, चुनाव प्रचार कर रहे हैं, लेकिन एक बार भी मणिपुर नहीं गए। वहां की सरकार से कोई बात नहीं की और न ही कोई कार्रवाई की। मणिपुर की घटना अलग प्रकार की घटना है, लेकिन वे इसमें भी राजनीति कर रहे हैं। मणिपुर की घटना से नाम जोड़कर छत्तीसगढ़ को बदनाम करने का प्रयास किया जा रहा है। ये बहुत ही दुर्भाग्यजनक है।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
