द सीजी न्यूज
दुर्ग/ नगर निगम में प्रॉपर्टी टैक्स वसूली में गड़बड़ी का मामला उजागर हुआ है। टैक्स वसूली करने वाली एजेंसी स्पैरो कंपनी द्वारा टैक्स वसूली के मामले में हेराफेरी की जा रही थी। शिकायत के बाद हुई जांच से इस गड़बड़ी की पुष्टि होने पर स्पैरो कंपनी के खिलाफ एक्शन लिया जाएगा।
पुलगांव वार्ड 55 में टोबेको कंपनी की प्रॉपर्टी टैक्स आईडी 5500683 के अनुसार वर्ष 2005-06 से वर्ष 2021-22 तक प्रॉपर्टी टैक्स 6,11,884 रु. का डिमांड जारी किया गया था। इसमें समेंकित कर, यूजर चार्ज और शिक्षा उपकर शामिल है। स्पैरो कंपनी द्वारा हेराफेरी करते हुए टोबैको कंपनी से सिर्फ 1 लाख 7 हज़ार 402 रु. वसूल किया गया।
वसूली गई राशि में अंतर आने के बाद इस मामले की शिकायत निगम आयुक्त को मिली। निगम आयुक्त लोकेश चन्द्राकर ने मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय जांच समिति का गठन किया। समिति द्वारा की जांच रिपोर्ट में स्पैरो एजेंसी को दोषी माना गया। महापौर धीरज बाकलीवाल और आयुक्त लोकेश चन्द्राकर ने स्पैरो कंपनी के प्रबंधन को जमकर फटकार लगाते हुए एक्शन लेने की चेतावनी दी है।
अब टैक्स वसूली के लिए नए सिरे से टेंडर जारी किया जा रहा है। टैक्स वसूली में अंतर की राशि टोबैको कंपनी से वसूल करने के लिए नोटिस जारी किया गया है। निगम आयुक्त ने कहा कि नगर निगम को आर्थिक क्षति नहीं हुई है।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
