Breaking News

राज्य के मदरसों को समय पर मिले गणवेश और पाठ्य पुस्तकें – अलताफ़ अहमद

द सीजी न्यूज

रायपुर। छत्तीसगढ़ मदरसा बोर्ड कार्यालय में आज प्रदेश भर के जिला उर्दू इंचार्जों की बैठक हुई। छ.ग.मदरसा बोर्ड के अध्यक्ष अलताफ अहमद ने बैठक में कहा कि प्रदेश के पंजीकृत मदरसों को शासन की योजनाओं का लाभ मिल रहा है। मदरसों को शासकीय स्कूलों की तरह निःशुल्क गणवेश, निःशुल्क पाठ्य पुस्तक, मध्यान्ह भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। मदरसों को समय पर निःशुल्क पाठ्य पुस्तक और निःशुल्क गणवेश मिले, यह सुनिश्चित करना जिला उर्दू इंचार्जों की ज़िम्मेदारी है।

अलताफ़ अहमद ने कहा कि प्रदेश के मदरसों में हर स्तर पर सुधार लाने के प्रयास किये जाएं। पिछले चार वर्षों से केन्द्र सरकार द्वारा अनुदान राशि जारी नहीं की गई है, जिससे मदरसों की हालत ख़राब है। आने वाले समय में मदरसों और मदरसा शिक्षकों की स्थिति बेहतर बनाने की दिशा में लगातार प्रयास किये जाएंगे। मदरसे आधुनिक शिक्षा की ओर अग्रसर हैं। राज्य के मदरसों के लिए योजना बना कर सभी व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया जाएगा। मदरसों में व्याप्त समस्याओं का स्थायी हल भी ढूंढा जाएगा।

अलताफ अहमद ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किये हैं। स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम स्कूलों के साथ ही अंग्रेजी माध्यम के महाविद्यालय इसका उदाहरण हैं। प्रदेश में स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूलों की लोकप्रियता दिनों दिन बढ़ती जा रही है। मदरसा शिक्षकों के अनुदान की समस्या के संबंध में प्रदेश के स्कूल शिक्षा मंत्री रविन्द्र चौबे से चर्चा हुई है। उन्होंने शीघ्र ही इस समस्या का निराकरण करने का आश्वासन दिया है।

अहमद ने बताया कि प्रदेश के मदरसों में आधुनिक शिक्षा के विकास हेतु दो दिवसीय कार्यशाला का आयोजन 9 और 10 अगस्त को रायपुर में किया जाएगा, जिसमें प्रदेश भर के मदरसा शिक्षकों के साथ, जिला उर्दू इंचार्ज और शिक्षाविद शामिल होंगे। बैठक के प्रारंभ में छ.ग. मदरसा बोर्ड के सचिव डाॅ. इम्तियाज़ अहमद अंसारी ने जिला उर्दू इंचार्जों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। बैठक में विभिन्न जिलों के जिला उर्दू इंचार्ज सहित छ.ग.मदरसा बोर्ड के तौहीद ख़ान सहित अन्य अधिकारी – कर्मचारी उपस्थित थे।

Check Also

जश्ने ईद मिलादुन्नबी : आज नेअमते उज़्मा कॉन्फ्रेंस, 26 को शान से निकलेगा जुलूसे मोहम्मदी 

THR CG NEWS जिनके आने से रौशन हुए दो जहां,  उनके कदमों की बरकत पर …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!