द सीजी न्यूज
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने एनडीटीवी द्वारा आयोजित छत्तीसगढ़ कान्क्लेव में कहा कि हमारी सरकार ने सभी वर्ग के लोगों के आर्थिक विकास की योजनाएं तैयार की। न केवल छत्तीसगढ़ आर्थिक विकास की राह पर आगे बढ़ा, बल्कि छत्तीसगढ़ के लोगों में गौरव भाव भी बढ़ा है।
हमने नरवा, गरूवा, घुरूवा, बाड़ी योजना के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में आर्थिक विकास की ठोस नींव रखी। 13 हजार नाले रिचार्ज किये। जहां भी यह काम हुआ, 7 सेमी से 13 सेमी तक जलस्तर बढ़ गया। इससे किसानों को काफी लाभ हुआ। एक फसल तो बची ही, दूसरे फसल के लिए भी पानी मिल गया। गरुवा योजना में गौ संरक्षण पर काम किया। 1 लाख 56 हजार हेक्टयर खेत सुरक्षित किये। गौठानों में मुर्गी पालन, मत्स्यपालन जैसी अन्य गतिविधियां शुरू की। 2 लाख से अधिक महिलाओं को रोजगार मिला।
सीएम ने कहा कि हमारे आधे से अधिक गौठान स्वावलंबी हो चुके हैं। यह व्यवस्था स्थायी रूप से लोगों को लाभ देगी। नक्सली घटनाओं की वजह से हमारे अनेक स्कूल बंद हो गए थे। हमने जगरगुंडा जैसी जगह में स्कूल दोबारा आरम्भ कराया। 1100 करोड़ रुपये की लागत से स्कूलों का जीर्णाेद्धार प्रावधान में रखा गया। स्कूलों की पोताई गोबर से बने प्राकृतिक पेंट से की। स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल आरम्भ कराए। ऐसे क्षेत्रों में इंग्लिश मीडियम स्कूल आरम्भ कराए गए। अंदरूनी क्षेत्रों में भी स्कूल शुरू कराए। स्वामी आत्मानंद स्कूलों में एडमिशन की बड़ी डिमांड है।
स्वास्थ्य सुविधाओं के बारे में जानकारी देते हुए सीएम भूपेश बघेल ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग में सारे पद भरे हुए हैं। पहले सर्जरी के लिए बाहर जाना पड़ता था। अब जिला स्तर पर ही सरकारी अस्पतालों में ऑपरेशन हो रहे हैं। बलरामपुर में डायलिसिस हो जाता है। ओडिशा से मरीज यहां इलाज के लिए आते हैं।
नक्सल समस्या का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले अरनपुर जाना ही कठिन था। हमने लोगों का विश्वास जीता। लोगों को सुविधा दी। आपस में विश्वास का माहौल पैदा किया। आदिवासियों की जमीन वापस की। वनाधिकार पट्टा दिया। वनोपज खरीदे। हमने कोदो कुटकी का समर्थन मूल्य घोषित किया।
भारत का सबसे बड़ा मिलेट का प्लांट हमारे यहां लगा है। समर्थन मूल्य घोषित होने से लोगों को लाभ हुआ। इंग्लैंड में हमारा महुआ जा रहा है। वनोपजों की अच्छी कीमत दिलाने में हम सफल रहे हैं। हमने देवगुड़ियों का जीर्णाेद्धार किया। घोटुल का जीर्णाेद्धार किया। राज्य की संपदा में व्यक्ति का अधिकार है। राज्य की संपदा का वितरण ऐसे करें जिससे सबको लाभ मिले। तेजी से महंगाई बढ़ रही है। ऐसे में लोगों की महंगाई से सुरक्षा करना भी जरूरी है। लोगों को आर्थिक रूप से मजबूत करना है। व्यापारी वर्ग के सम्मेलन में मुझसे कहा गया कि आपकी योजनाएं मजदूरों, किसानों के लिए है, इससे हमको क्या लाभ मिला। मैंने कहा कि मैंने आपके ग्राहकों की जेब में ही तो पैसे डाले हैं। देश भर में कोरोना से आर्थिक मंदी आई। छत्तीसगढ़ इससे अछूता रहा। कान्क्लेव के प्रस्तोता ने मुख्यमंत्री से गेड़ी सिखाने का आग्रह किया और मुख्यमंत्री ने उन्हें गेड़ी चढ़कर सिखाया।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
