- राजीव गांधी किसान न्याय योजना, गोधन न्याय योजना, राजीव गांधी भूमिहीन कृषि मजदूर न्याय योजना के हितग्राही होंगे लाभान्वित
- राजीव युवा मितान क्लबों मिलेगी राशि
- ग्राम पंचायतों को मिलेगी परब सम्मान निधि
- 322.85 करोड़ रुपए की लागत से महासमुंद मेडिकल कॉलेज भवन का होगा शिलान्यास
- 655 करोड़ की लागत के 223 विकास कार्याें का होगा लोकार्पण-शिलान्यास
द सीजी न्यूज
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल 20 अगस्त को पूर्व प्रधानमंत्री भारतरत्न स्व राजीव गांधी की जयंती ‘‘सद्भावना दिवस‘‘ के अवसर पर महासमुंद के हाई स्कूल मैदान में दोपहर 12 बजे आयोजित कार्यक्रम में न्याय योजनाओं सहित अन्य योजना के हितग्राहियों किसानों, मजदूरों, ग्रामीण व पशुपालकों को 2055.60 करोड़ रुपए की राशि का ऑनलाइन भुगतान करेंगे। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत, उप मुख्यमंत्री टी. एस. सिंहदेव अति विशिष्ट अतिथि के रूप में कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगे। गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। सांसद दीपक बैज सहित छत्तीसगढ़ शासन के मंत्रीगण, संसदीय सचिव, विधायक, अनेक जनप्रतिनिधि कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगे।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल कार्यक्रम में ‘‘राजीव गांधी किसान न्याय योजना‘‘ के हितग्राहियों को योजना की द्वितीय किश्त के रूप में 1810 करोड़ रुपए का भुगतान करेंगे। मुख्यमंत्री ‘राजीव गांधी भूमिहीन कृषि मजदूर न्याय योजना’ के हितग्राहियों को दूसरी किश्त के रूप में 168.63 करोड़ रुपए का भुगतान करेंगे।
कार्यक्रम में भूपेश बघेल ‘राजीव युवा मितान क्लबों’ को 66.21 करोड़ रुपए की राशि ट्रांसफर करेंगे। युवाओं को रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ने के लिए राज्य में गठित 13 हजार 242 क्लबों को अब तक 132.48 करोड़ रुपए की राशि का भुगतान किया जा चुका है। मुख्यमंत्री इसी तारतम्य में ‘गोधन न्याय योजना’ के हितग्राहियों को 9.65 करोड़ रुपए की राशि का भुगतान करेंगे।
कार्यक्रम में ‘मुख्यमंत्री परब सम्मान निधि योजना’ के तहत गैर अनुसूचित क्षेत्र की ग्राम पंचायतों को 1.11 करोड़ रुपए की राशि ट्रांसफर करेंगे।
655 करोड़ की लागत के 223 विकास कार्याें का होगा लोकार्पण-शिलान्यास
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल कार्यक्रम के दौरान महासमुंद जिले को 655 करोड़ की लागत के 223 विकास कार्याें की सौगात देंगे। इनमें से 71.08 करोड़ रुपए की लागत के 132 कार्याें का लोकार्पण और 583 करोड़ 92 लाख रुपए की लागत के 91 कार्याें का भूमिपूजन और शिलान्यास होगा। मुख्यमंत्री इस कार्यक्रम में 322 करोड़ 85 लाख रुपए की लागत से बनने वाले महासमुंद के मेडिकल कॉलेज के भवन निर्माण कार्य की आधारशिला रखेंगे। जिले के विभिन्न नगरीय निकायों में प्रारंभ होने वाले 118.42 करोड़ रुपए लागत के विभिन्न कार्याें का भूमिपूजन करेंगे।
50 मोबाइल पशु चिकित्सा इकाई को दिखाएंगे हरी झण्डी
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल कार्यक्रम के दौरान महासमुंद जिले के लिए 7 और संभाग के अन्य जिलों के लिए 43 पशु मोबाइल चिकित्सा इकाईयों को हरी झण्डी दिखाकर रवाना करेंगे और हितग्राहियों को व्यक्तिगत वन अधिकार पत्र तथा सामुदायिक वन संसाधन अधिकार पत्र सौंपेंगे।
18 नवीन तहसीलों एवं 13 अनुविभागीय कार्यालयों का शुभारंभ
मुख्यमंत्री कार्यक्रम में 18 नवीन तहसीलों और 13 अनुविभागीय कार्यालयों का वीडियो कॉन्फ्रेंस से शुभारंभ भी करेंगे। इन्हें मिलाकर प्रदेश के 33 जिलों में 122 राजस्व अनुविभाग और 250 तहसील हो जाएंगी।
कार्यक्रम स्थल पर विकास प्रदर्शनी में कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य, नगरीय निकाय, खेल एवं युवा कल्याण, आदिम जाति विकास, वन विभाग, पंचायत, रोजगार, अंत्यावसायी, महिला एवं बाल विकास एवं समाज कल्याण विभाग द्वारा विभागीय योजनाओं पर आधारित स्टॉल लगाए गए हैैं। मुख्यमंत्री इन स्टॉलों में हितग्राहियों को सामग्री व चेक का वितरण करेंगे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
