Breaking News

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने जन्म दिवस पर श्रमवीरों को दी सौगात

 

  • श्रमिकों के हित में की दो अहम् घोषणाएं
  • मुख्यमंत्री निर्माण श्रमिक आवास सहायता योजना की राशि 50 हजार रुपए से बढ़ाकर एक लाख रुपए
  • श्रम पदाधिकारी कार्यालय बस्तर, सरगुजा, जांजगीर-चांपा, बलौदाबाजार और राजनांदगांव का सहायक श्रमायुक्त कार्यालय में उन्नयन
  • मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का राजधानी के अम्बेडकर चौक से शहीद भगत सिंह चौक तक लोगों ने किया अभूतपूर्व स्वागत-अभिनंदन  

द सीजी न्यूज

 

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का आज उनके जन्मदिवस पर राजधानी रायपुर के अंबेडकर चौक से शहीद भगत सिंह चौक तक जुटी भीड़ में लोगों ने अभूतपूर्व स्वागत तथा अभिनंदन किया। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इस अवसर पर लोगों से अपार स्नेह पाकर खुशी से अभिभूत हो गए। उन्होंने इस मौके पर छत्तीसगढ़ में श्रमिकों के हित में दो महत्वपूर्ण घोषणाएं भी की।

इनमें मुख्यमंत्री निर्माण श्रमिक आवास सहायता योजना की राशि 50 हजार रुपये से बढ़ाकर 1 लाख रुपये करने और राज्य के श्रम पदाधिकारी कार्यालय बस्तर, सरगुजा, जांजगीर-चांपा, बलौदाबाजार और राजनांदगांव का सहायक श्रमायुक्त कार्यालय में उन्नयन की घोषणा शामिल है। छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल अंतर्गत संचालित मुख्यमंत्री निर्माण श्रमिक आवास सहायता योजना के तहत प्रदेश के पंजीकृत निर्माण श्रमिकों को स्वयं के भू-खण्ड पर आवास निर्माण-नवीन आवास क्रय करने के लिए राशि 50 हजार रुपए मंडल द्वारा एकमुश्त देने का प्रावधान है, इस योजना की राशि को बढ़ाकर एक लाख रुपए करने की घोषणा की गई। राज्य के श्रम पदाधिकारी कार्यालय बस्तर, सरगुजा, जांजगीर-चांपा, बलौदाबाजार एवं राजनांदगांव का उन्नयन कर सहायता श्रमायुक्त कार्यालय किए जाने की घोषणा की गई।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर सम्बोधित करते हुए कहा कि हमारी सरकार द्वारा छत्तीसगढ़ में सभी वर्ग के लोगों के उत्थान के लिए निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। इनमें किसान, मजदूर से लेकर अनुसूचित वर्ग सहित सभी वर्ग के लोगों के हित में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं। इस कड़ी में आज श्रमिकों के हित में दो महत्वपूर्ण घोषणाएं भी की गई हैं। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इस अवसर पर श्रम विभाग की विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत 2 हजार 507 हितग्राहियों को एक करोड़ 81 लाख रुपए की राशि का वितरण कर लाभान्वित किया।

इन योजनाओं में मुख्यमंत्री निर्माण श्रमिक मृत्यु और दिव्यांग सहायता योजना में एक हितग्राही को 5 लाख रुपए, मुख्यमंत्री निर्माण श्रमिक आवास सहायता योजना में 6 हितग्रहियों को 3 लाख रुपए और मुख्यमंत्री नोनी सशक्तिकरण सहायता योजना में 500 हितग्राहियों को 20 हजार रुपए प्रति हितग्राही के मान से एक करोड़ रूपए की राशि प्रदान की गई। इसके अलावा मुख्यमंत्री सायकल सहायता योजना अंतर्गत एक हजार 860 महिला हितग्राही को 68 लाख 19 हजार रुपए और 140 पुरूष हितग्राहियों को 5 लाख 18 हजार रुपए की देय राशि शामिल है। इस अवसर पर नगरीय प्रशासन तथा श्रम मंत्री डॉ. शिवकुमार डहरिया, अध्यक्ष छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल सुशील सन्नी अग्रवाल सहित श्रम मंडल के पदाधिकारी व नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

Check Also

रिमझिम सावन मेला 21-22 अगस्त को : महिलाओं के लिए होंगे मनोरंजक गेम्स

स्व-सहायता समूहों एवं महिलाओं के उत्पादों की प्रदर्शनी के लिए लगेंगे 30 स्टॉल THE CG …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!