द सीजी न्यूज
छत्तीसगढ़ में इसी साल विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। सीएम भूपेश बघेल ने संकेत दिये है कि कई विधायकों के टिकट कट सकते हैं। उन्होंने कहा कि 71 में से जो कमजोर विधायक हैं, उनके टिकट कटेंगे। जिन विधायकों के टिकट कटेंगे, उन्हें दूसरी जिम्मेदारी दी जाएगी। उनका कहना था, पार्टी लगातार सर्वे करती है। पार्टी के पदाधिकारियों से रायशुमारी की जाती है। कुछ सीटों पर हमारे उम्मीदवार कमजोर हो सकते हैं तो उन्हें दूसरी जिम्मेदारी दी सकती है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का चेहरा पार्टी हाईकमान तय करेगा। उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव से मतभेद के सवाल पर सीएम भूपेश बघेल ने कहा कि टी एस सिंहदेव के साथ उनके रिश्ते सामान्य हैं और आगे भी रहेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा, नेतृत्व कौन करेगा, मुख्यमंत्री कौन बनेगा, यह हमेशा पार्टी आलाकमान तय करता है। पार्टी आलकमान का जो भी आदेश होगा, वो मान्य होगा। वह जो तय करेगा, उसे हम सब मानेंगे। सीएम भूपेश बघेल ने कहा कि गुटबाजी सब जगह होती है। हर दल में होता है। हम खुलकर बोलते हैं, लेकिन बीजेपी में कोई बोल नहीं पाता है, सब घुट-घुटकर रहते हैं।
75 सीटों पर जीत का फोकस
सीएम भूपेश बघेल ने कहा, हमारे पास 71 सीटें पहले से हैं, इससे ज्यादा का लक्ष्य है। किसानों, नौजवानों गरीबों, दलितों और आदिवासियों के लिए जो काम किया है उससे हमारे कार्यकर्ताओं में बहुत उत्साह है। इसी आधार पर हम 75 पार की बात कर रहे हैं। बीजेपी पर हमला करते हुए उन्होंने कहा कि ऐसा लगता है कि भाजपा 2018 में हारने के बाद उस हार से उबर नहीं पाई है। ये थके-हारे लोग हैं।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
