Breaking News

सरकार आने पर भ्रष्टाचारियों को उल्टा लटकाकर सीधा करेंगे : कौशल विकास के नाम पर युवाओं को सट्टे की ऑनलाइन ट्रेनिंग दे रही है भूपेश सरकार – अमित शाह

द सीजी न्यूज

 

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को छत्तीसगढ़ सरकार के खिलाफ 104 पन्नों का आरोप पत्र जारी करते हुए कहा कि केवल भारतीय जनता पार्टी ही छत्तीसगढ़ को कांग्रेस की लूट, अत्याचार और कुशासन से बचा सकती है। अमित शाह ने रायपुर में दीनदयाल उपाध्याय सभागार में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ आरोप पत्र जारी करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने छत्तीसगढ़ को गांधी परिवार का ‘एटीएम’ बनाया और राज्य को विकास के रास्ते से भटका दिया।

शाह ने खुली चेतावनी दी है कि कांग्रेस की प्रदेश सरकार का भ्रष्टाचार अभी पूरा सामने नहीं आया है। जब भाजपा की सरकार छत्तीसगढ़ में आएगी और भ्रष्टाचारियों को उल्टा लटकाएगी, तब भ्रष्टाचार का पूरा आँकड़ा और सच सामने आएगा। प्रदेश की भूपेश सरकार छोटी आबादी की सबसे बड़ी भ्रष्ट सरकार है। शाह ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव सामान्य चुनाव नहीं है, यह चुनाव छत्तीसगढ़ के सुनहरे भविष्य की आधारशिला रखने वाला चुनाव है।

शाह ने कहा कि छत्तीसगढ़ में पाँच सालों से वादाखिलाफी, भ्रष्टाचार और घपलों-घोटालों की सरकार चल रही है। भाजपा ने उस सरकार के खिलाफ जनजागृति लाने के लिए भाजपा ने एक आरोप पत्र तैयार किया है। अटलजी ने जिन सपनों के साथ छत्तीसगढ़ राज्य का गठन किया था, उन सपनों को साकार करने डॉ. रमन सिंह के मुख्यमंत्रित्व में छत्तीसगढ़ ने 15 साल तक विकास की अविरल यात्रा की। सन 2014 से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में छ्त्तीसगढ़ को विकसित करने के अनेक प्रयास हुए। लेकिन 2018 में छत्तीसगढ़ में बनी कांग्रेस की सरकार ने प्रधानमंत्री मोदी का साथ देने के बजाय छत्तीसगढ़ में लूट-खसोट, भ्रष्टाचार और घपलों-घोटालों की सरकार बनाई। शाह ने विश्वास व्यक्त किया कि 2023 के विधानसभा चुनाव में पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने के बाद 2024 के लोकसभा चुनाव में छत्तीसगढ़ की सभी 11 लोकसभा सीटें भाजपा जीतेगी और डबल इंजन की सरकार प्रदेश को विकास की ऊँचाई पर ले जाएगी।
शाह ने कहा कि छत्तीसगढ़ को तय करना है कि आदिवासियों के अधिकारों की रक्षा के नाम पर धर्मांतरण कराने वाली सरकार चाहिए या फिर आदिवासियों की संस्कृति को एक बार फिर से सुरक्षित व संवर्धित करने वाली सरकार चाहिए ? क्या पिछड़ा वर्ग के कल्याण की योजनाओं में हजारों-करोड़ों रुपए का घपला करने वाली कांग्रेस की सरकार चाहिए ? क्या युवाओं से रोजगार और बेरोजगारी भत्ता देने के झूठे वादे करके कौशल विकास के नाम पर दुबई में जुँए की ऑनलाइन ट्रेनिंग देकर महादेव एप को संरक्षण देने वाली भ्रषटाचारी सरकार चाहिए ?
शाह ने कहा कि पीएम मोदी पूरे देश के प्रति एक सामान भाव रखते है। कांग्रेसनीत यूपीए की केंद्र सरकार के 10 साल के शासनकाल में छत्तीसगढ़ को सिर्फ 77,800 करोड़ रुपए मिले, जबकि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने पिछले 9 साल में 3,02,429 करोड़ रुपए छत्तीसगढ़ को दिए। शाह ने केंद्र सरकार के 9 वर्षों की उपलब्धियों का विवरण देते हुए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को चुनौती दी कि वे यूपीए के 10 और भाजपानीत एनडीए के 9 वर्षों के कामों का लेखा-जोखा जनता के सामने रखें।
शाह ने कहा कि कांग्रेस ने अपने नेताओं और जनप्रतिनिधियों को लूट मचाने की खुली छूट दे रखी है। भूपेश बघेल ने कलेक्टर को भ्रष्टाचार के पैसे कलेक्ट करने वाला बनाकर रख दिया है। चरणपादुका वितरण बंद करने और 20 लाख प्रधानमंत्री आवास रोकने के लिए भी प्रदेश सरकार को आड़े हाथों लेते हुए केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि शराब घोटाला सिर्फ 2160 करोड़ का नहीं, बल्कि हजारों करोड़ रुपए का है। यह 2160 करोड़ रुपए तो इस घोटाले की टिप है। प्रदेश सरकार ने भ्रष्टाचार की सारी हदें लांघ दी हैं।
अपने संबोधन से पूर्व केंद्रीय गृह मंत्री शाह ने भाजपा के आरोप पत्र का विमोचन किया। इस अवसर पर प्रदेश सरकार की नाकामियों, वादाखिलाफी, अन्याय-अत्याचार, धर्मांतरण, छलावे पर केंद्रित एक वीडियो फिल्म का प्रदर्शन भी किया गया। इस मौके पर भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राज्यसभा सांसद डॉ. सरोज पांडेय, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व पूर्व मंत्री लता उसेंडी, भाजपा प्रदेश प्रभारी ओम माथुर, सह प्रभारी नितिन नबीन, सांसद सुनील सोनी, नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल, पूर्व मंत्री व वरिष्ठ विधायक बृजमोहन अग्रवाल, पूर्व मंत्री प्रेमप्रकाश पाण्डेय, पूर्व मंत्री राजेश मूणत मंचस्थ थे।कार्यक्रम का संचालन प्रदेश महामंत्री ओपी चौधरी और आभार प्रदर्शन आरोप पत्र समिति के सह संयोजक प्रेम प्रकाश पाण्डेय ने किया।

Check Also

रिमझिम सावन मेला 21-22 अगस्त को : महिलाओं के लिए होंगे मनोरंजक गेम्स

स्व-सहायता समूहों एवं महिलाओं के उत्पादों की प्रदर्शनी के लिए लगेंगे 30 स्टॉल THE CG …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!