द सीजी न्यूज
दुर्ग/ भिलाई नगर निगम व दुर्ग नगर निगम क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग व निगम अमले द्वारा डेंगू नियंत्रण व रोकथाम का कार्य निरंतर किया जा रहा है। 8 सितम्बर को डेंगू एलिजा पॉजिटिव के कुल 6 नये प्रकरण मिले। भिलाई नगर निगम क्षेत्र से सेक्टर 1 में 2, सेक्टर – 2 में 1, सेक्टर-4 में 1, मरोदा में 1, बजरंग पारा भिलाई 3 में 1 मरीज डेंगू पॉजिटिव पाया गया। वर्तमान में 13 मरीज भर्ती है।
अधिकारियों ने बताया कि कोई भी मरीज गंभीर स्थिति में नहीं है। मरीजों के निवास क्षेत्रों में घर-घर जाकर स्वास्थ्य विभाग के मैदानी अमले द्वारा मॉस्किटों सोर्स रिडक्शन का कार्य किया जा रहा है। के.के.यादव, महाप्रबंधक, व्ही.के. भोंडेकर, वरि. प्रबंधक, आर.के.गुप्ता, वरि. प्रबंधक, जनस्वास्थ्य विभाग भिलाई इस्पात संयंत्र की टीम द्वारा लगातार डेंगू प्रभावित क्षेत्रों में लार्वा नष्टीकरण और एडिस मच्छर को नष्ट करने के लिए फागिंग का कार्य किया जा रहा है। नगर निगम भिलाई की टीम द्वारा डेंगू प्रभावित क्षेत्र आनंद विहार, राधिका नगर में लार्वा नष्टीकरण और फागिंग का कार्य किया गया है। देवबलौदा चरोदा और बजरंगपारा भिलाई 3 में भी लार्वा का नष्टीकरण किया गया।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी जे. पी. मेश्राम से मिली जानकारी के अनुसार जिला मलेरिया कार्यालय की टीम द्वारा डेंगू प्रभावित क्षेत्र सेक्टर 1, 2, 4, मरोदा, बजरंग पारा भिलाई-3 के प्रभावित क्षेत्रों में नगर निगम और स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा भ्रमण किया गया। संयुक्त टीम द्वारा निरंतर घर-घर भ्रमण कर कूलर व टंकी की जांच की गई। आम जनता को साफ-सफाई रखने और डेंगू से बचाव के बारे में समझाईश दी गई। संभावित डेंगू प्रभावित क्षेत्र में टेमीफॉस का छिड़काव और फॉगिंग का कार्य निरंतर किया जा रहा है।
डेंगू के लक्षण
ठंड लगने के साथ अचानक बुखार आना, सिर व मांसपेशियों और जोड़ो में दर्द, ऑंखो के पिछले भाग में दर्द होना, जी मिचलाना और उल्टी होना, गंभीर मामलों में नाक, मुंह और मसूड़ों से खून आने और त्वचा पर चकते उभरते हैं।
रोकथाम एवं नियंत्रण के तरीके
शरीर को पूरे तरीके से ढकने वाला पोशाक पहनें।
मॉस्किटो रिपेलेन्ट का प्रयोग करें।
सोते समय मच्छरदानी का प्रयोग करें।
सप्ताह में एक दिन घर के सारे कन्टेनर जैसे कूलर, पानी टंकी व अन्य पात्र को खाली कर सूखने के बाद पानी का जल भराव करें।
घरों के आसपास पानी जमा होने वाली वस्तुओं जैसे गमला, टायर, टूटे फूटे बर्तन आदि को तत्काल नष्ट करें।
घर के आसपास पानी जमा होने पर गाड़ी का जला हुआ तेल डालें
याद रखें – दिन में काटते हैं डेंगू के मच्छर
डेंगू के मच्छर केवल दिन में काटते हैं और साफ पानी में प्रजनन करते हैं। अधिकांश लोग रात के समय मच्छरदानी का उपयोग करते हैं, लेकिन दिन के समय किसी भी प्रकार की सावधानी नहीं बरती जाती है। सावधानी के रूप में फुल शर्ट, पेन्ट पहने और शरीर के अन्य भाग पर आडोमास का उपयोग कर डेंगू के मच्छरों के प्रकोप से बचा जा सकता है।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
