द सीजी न्यूज
कश्मीर के अनंतनाग जिले में आतंकियों के साथ मुठभेड़ में सेना के कर्नल, मेजर और जम्मू कश्मीर पुलिस के डीएसपी की शहादत के बाद कांग्रेस ने पीएम नरेंद्र मोदी पर हमला बोला है। कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा ने माइक्रो ब्लॉगिंग साइट ‘एक्स’ पर लिखा, “आज जिस समय सीमा पर हमारी सेना के तीन अधिकारियों के शहीद होने की दुखद खबरें आ रही थीं, उसी समय भाजपा हेडक्वार्टर में बादशाह के लिए जश्न की महफिल सजी थी। चाहे कुछ भी हो जाए, प्रधानमंत्री अपनी वाहवाही को टाल नहीं सकते।”
मंगलवार को पीएम मोदी ने विदेश मंत्रालय में उन अधिकारी और कर्मचारियों से मुलाकात की थी, जिन्होंने G20 के सफल आयोजन में बड़ी भूमिका निभाई थी. पीएम ने उनकी मेहनत की सराहना भी की थी। G-20 के सफल आयोजन को लेकर बीजेपी के नेशनल हेडक्वार्टर में बुधवार शाम पीएम मोदी के स्वागत कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने पीएम का स्वागत किया। इस दौरान कई केंद्रीय मंत्री और सांसद मौजूद थे। पीएम के स्वागत के लिए नारेबाजी की गई और पार्टी में जश्न का माहौल रहा।
अनंतनाग एनकाउंटर में शहीद हुए हैं तीन अधिकारी
अनंतनाग में आतंकियों से मुठभेड़ में सेना के कर्नल मनप्रीत सिंह, बटालियन कमांडेंट मेजर आशीष धनौत और जम्मू कश्मीर पुलिस के डीएसपी हुमायूं भट्ट शहीद हो गए। जवानों की शहादत को लेकर पूरे देश में गुस्से का माहौल है। दूसरी ओर भाजपा कार्यालय में पीएम मोदी के साथ भाजपा नेता जश्न मनाते रहे। इसे लेकर कांग्रेस ने पीएम मोदी समेत भाजपा नेताओं को घेरा है।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
