द सीजी न्यूज
छत्तीसगढ़ में सुवा नाच बेहद लोकप्रिय है। दीपावली के आसपास सुवा को एक टोकरी में रखकर महिलाएं यह नृत्य करती हैं। इसके माध्यम से वे अपने सुखदुख साझा करती हैं। सुवा गीत के माध्यम से वे अपनी आवाज की भी अभिव्यक्ति करती हैं और अपने समय के समाज के बारे में भी बताती हैं।
तोते के जैसे हरे वस्त्रों में समूह में किया गया यह नृत्य बेहद आकर्षक होता है। प्रियंका गांधी ने कार्यक्रम स्थल पर जब यह नृत्य देखा तो वे भी सुवा नर्तकों के साथ समूह में शामिल हो गईं और उनके साथ थिरकने लगीं।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और प्रियंका गांधी ने महिला समृद्धि सम्मेलन में लगे विभिन्न स्टॉलों का किया अवलोकन
छत्तीसगढ़ शासन द्वारा पशुपालन को बढ़ावा देने के लिए गोधन न्याय योजना सहित विभिन्न स्टालों का सीएम भूपेश बघेल और प्रियंका गांधी ने अवलोकन किया। हितग्राहियों से प्रियंका गांधी ने बातचीत भी की। उन्होंने महिलाओं द्वारा की जा रही आर्थिक गतिविधियों की जानकारी ली। साथ ही उन्होंने रीपा में चल रही गतिविधियों की भी जानकारी ली। प्रियंका गांधी को अपने पास पाकर महिलाएं खुश और उत्साहित दिख रही हैं। स्व-सहायता समूह की महिलाओं को प्रियंका गांधी ने प्रतीक चिन्ह भेंट किया।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और प्रियंका गांधी ने महिला सम्मेलन में संगवारी हाट का भी अवलोकन किया। इस अवसर पर उन्होंने समूह की महिलाओं से तैयार किए गए उत्पादों की जानकारी ली। उन्होंने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए दंतेवाड़ा के डेनेक्स द्वारा उत्पादित गारमेंट्स की भी जानकारी ली। बीपीओ में कार्यरत महिलाओं से भी बातचीत की। 10 करोड़ रुपए की लागत से खुर्सीपार में बीपीओ तैयार किया गया है। बीपीओ से बड़ी संख्या में महिलाओं को रोजगार मिला है। प्रियंका गांधी ने मिलेट्स कैफे की जानकारी समूह की महिलाओं से ली। महिलाओं ने प्रियंका गांधी को बताया कि मिलेट कैफे में कोदो, कुटकी, रागी जैसे वनोपजों से पारंपरिक व्यंजनों के साथ ही तरह तरह के व्यंजन परोसे जाते हैं।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal







