द सीजी न्यूज
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने बृहस्पतिवार को कहा कि महिला आरक्षण विधेयक एक ‘जुमला’ है। भाजपा सोचती है कि लोग उसे वोट देंगे और कुछ समय बाद पार्टी (भाजपा) द्वारा किए गए वादों को भूल जाएंगे। दावा करते हुए खरगे ने कहा कि यह विधेयक वर्ष 2034 तक लागू नहीं होगा।
खरगे ने दावा किया कि पांच प्रतिशत लोगों के पास देश की 62 प्रतिशत संपत्ति है, जबकि 50 प्रतिशत लोगों के पास केवल तीन प्रतिशत संपत्ति है। उन्होंने भाजपा पर संविधान को नष्ट करने और उसके स्थान पर दूसरा संविधान लागू करने का प्रयास करने का भी आरोप लगाया। खरगे ने कहा कि देश में संविधान और लोकतंत्र को बचाने के लिए लोगों को कांग्रेस और उसके नेता राहुल गांधी का समर्थन करना होगा।
छत्तीसगढ़ के भाटापारा जिले में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए खरगे ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) 15 साल में वह नहीं कर सकी जो सत्ताधारी दल कांग्रेस ने राज्य में पांच साल में किया है। छत्तीसगढ़ में किसानों, मजदूरों, महिलाओं और बच्चों के हित में कांग्रेस सरकार द्वारा किए गए कल्याणकारी कार्यों को देखकर भाजपा आश्चर्यचकित है।
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, ”महिला आरक्षण विधेयक, जो हाल ही में संसद में पारित हुआ, कोई नई बात नहीं है क्योंकि पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने पंचायत निकायों में महिलाओं के लिए आरक्षण सुनिश्चित करने के लिए संविधान में 73वां और 74वां संशोधन का मार्ग प्रशस्त किया था।” उन्होंने कहा, ” मोदी सरकार का महिला आरक्षण विधेयक एक ‘जुमला’ है।” उन्होंने दावा किया कि लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में एक तिहाई सीट आरक्षित करने का लक्ष्य रखने वाला यह विधेयक 2034 तक लागू नहीं होगा।
खरगे ने कहा कि कांग्रेस अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) की जनगणना चाहती है क्योंकि इससे विस्तृत जानकारी मिलेगी, जिसके आधार पर कल्याणकारी कार्यक्रम शुरू किए जा सकेंगे। उन्होंने कहा, ”हमने संसद में भी कहा है कि महिला आरक्षण विधेयक के भीतर ओबीसी को कोटा मिलना चाहिए।” खरगे ने कहा कि भाजपा गरीबों को तबाह कर रही है और अमीरों को बढ़ावा दे रही है।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
