- नगरनार प्लांट से 50000 बस्तरीयों को मिलेगा रोजगार : देश के संसाधनों पर पहला हक गरीब का
- मोदी की गारंटी मतलब हर गारंटी के पूरा होने की गारंटी है
- बस्तर के विकास के विरोधियों को बस्तर के नागरिको ने दिया मुंहतोड़ जवाब : कांग्रेस ने सिर्फ लूटने का काम किया
द सीजी न्यूज
जगदलपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बस्तर को 27 हजार करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात देने के बाद विशाल आमसभा को संबोधित करते हुए कहा कि नगरनार इस्पात संयंत्र के मालिक बस्तर के लोग हैं। देश के संसाधनों पर पहला हक गरीब का है। उन्होंने दोहराया कि मोदी सरकार धान का दाना-दाना खरीदती है। भाजपा की सरकार बनने के बाद राज्य में पीएससी के घोटालेबाज जेल जाएंगे।
प्रधानमंत्री मोदी कांग्रेस पर जमकर बरसे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने सिर्फ लूटने का काम किया है। छत्तीसगढ़ में चारों तरफ भ्रष्टाचार का बोलबाला है। छत्तीसगढ़ में अपराध बढ़े हैं। हत्याओं के मामले में छत्तीसगढ़ और राजस्थान के बीच प्रतिस्पर्धा चल रही है। छत्तीसगढ़ में विकास बैनर पोस्टर में दिखता है या फिर कांग्रेस नेताओं की तिजोरी में दिखता है। कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ को अगर कुछ दिया है तो वह है झूठा प्रचार और घोटाले। कांग्रेस की सरकार झूठे प्रचार की आड़ में यहां लोगों की आंख में धूल झोंक रही है। अखंड भ्रष्टाचार करते हैं। इसलिए आज छत्तीसगढ़ के कोने-कोने से एक ही आवाज आ रही है कि अउ नई सहिबो, बदल के रहिबो।
प्लांट का मालिक बस्तर के लोग – प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि मोदी की गारंटी है कि बस्तर का यह स्टील प्लांट आपका है। इसके मालिक मेरे बस्तर के लोग हैं। कोई आपका हक नहीं छीन सकता। कांग्रेस के नेताओं को किसी हाल में कब्जा नहीं करने दिया जाएगा। भ्रष्टाचार, बेईमानी, करप्शन करने का कोई मौका नहीं दिया जाएगा।
बस्तर को 27 हजार करोड़ की सौगात, कांग्रेस को अच्छा नहीं लग रहा – प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज यहां 27000 करोड़ के प्रोजेक्ट बस्तर को मिले हैं। आज यहां देश के आधुनिकतम स्टील कारखाने का लोकार्पण हुआ है। इतना बड़ा कार्यक्रम सरकार का था, लेकिन छत्तीसगढ़ सरकार का एक मंत्री भी नहीं आया। मुख्यमंत्री नहीं आए। उपमुख्यमंत्री नहीं आए। ये जनता की भलाई के काम में नहीं आते हैं तो इसके दो कारण हैं। इन्हें उनकी सरकार जाने की इतनी चिंता है कि उनके पास यहां आने के लिए समय ही नहीं है। सरकार बचाने में लगे हैं। दूसरा कारण है कि अगर मोदी के सामने जाना है तो कोई भ्रष्टाचारी मोदी से आंख नहीं मिला सकता। इसलिए वह आने से डरते हैं। भाग जाते हैं। 24000 करोड़ कारखाने में लगाए। 50 हजार लोगों को रोजगार मिलेगा। ज्यादा लोगों को काम मिले, इसके लिए और निवेश होने वाला है। पूरे बस्तर की किस्मत और तेजी से बदलने वाली है।
कांग्रेस छत्तीसगढ़ को लूट रही है – प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने छत्तीसगढ़, राजस्थान को लूट का सबसे बड़ा खजाना बना दिया। कांग्रेस के हर छोटे बड़े नेता को 15 साल जो नहीं मिला, वह 5 साल में जमा कर लिया। उन्होंने तो गौ माता के नाम पर भी घोटाला कर दिया। गोबर तक को नहीं छोड़ा। इन्होंने क्या-क्या नहीं किया। उनके भ्रष्टाचार के सबसे बड़े शिकार मेरे बस्तर के नौजवान हैं।
पीएससी के घोटालेबाज जाएंगे जेल – प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने युवाओं को नौकरी का वादा किया था। नौकरी में ही घोटाला कर दिया। कांग्रेस नेताओं ने पीएससी भर्तियों में अपने बच्चों-रिश्तेदारों को सेट कर दिया। चारों तरफ लूट मचाई। छत्तीसगढ़ के लाखों परिवारों, आदिवासी पिछड़े परिवार से कांग्रेस ने नौकरी छीन ली है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने एक अलग अलाप शुरू कर दिया है। कांग्रेस के नेता कहते हैं जितनी आबादी,उतना हक। मैं कहता हूं कि इस देश में सबसे बड़ी कोई आबादी है तो वह गरीब है। मेरे लिए गरीब ही सबसे बड़ी आबादी है और गरीब का कल्याण ही मेरा मकसद है। पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह जी क्या सोच रहे होंगे? वह तो कहा करते थे कि देश के संसाधनों पर पहला हक अल्पसंख्यकों का है और उसमें भी पहले मुसलमान का है। अब कांग्रेस कह रही है कि आबादी तय करेगी कि पहला हक किसका होना चाहिए। क्या अब अल्पसंख्यकों का हक कांग्रेस खत्म करना चाहती है।
मोदी ने कहा कि कांग्रेस को ऐसे लोग चला रहे हैं, जो देश विरोधी ताकतों से मिले हुए हैं। कांग्रेस किसी भी कीमत पर देश के हिंदुओं को बांट कर भारत को तबाह कर देना चाहती है। कांग्रेस गरीबों को बांटना चाहती है। मोदी ने पिछले 9 साल में सभी योजनाएं गरीबों के लिए दी हैं। कांग्रेस को छत्तीसगढ़ के लोगों की परवाह नहीं है। उनकी प्राथमिकता सिर्फ और सिर्फ छत्तीसगढ़ की संपदा को लूटना है। छत्तीसगढ़ की खनिज संपदा को लूटने के लिए कांग्रेस ने कोई कसर नहीं छोड़ी। छत्तीसगढ़ को 8 लाख करोड़ दिए। जनता को कुछ नहीं मिला। भाजपा 90 वनोपज को एमएसपी के दायरे में ला चुकी है।
दाना दाना खरीदती है केंद्र सरकार – प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि छत्तीसगढ़ के किसानों को कांग्रेस धान की कीमतों के नाम पर धोखा दे रही है। झूठ बोल रही है। सच्चाई यह है कि छत्तीसगढ़ के किसानों का दाना दाना केंद्र सरकार खरीदती है। एक लाख करोड़ रुपए छत्तीसगढ़ के धान की कीमत के रूप में किसानों को दिए हैं। पूरे प्रदेश में आयुष्मान योजना के तहत वैलनेस केंद्र बने हैं। 6000 ऐसे अस्पताल बनाए जा चुके हैं। 1000 से अधिक आयुष्मान केंद्र बस्तर संभाग में हैं। 5 लाख रुपए तक का इलाज दिया। मुफ्त राशन की व्यवस्था की। बिजली पानी का प्रबंध किया। आदिवासी परिवारों के स्वरोजगार के लिए विशेष योजनाएं चला रहे हैं। कांग्रेस ने लोकतंत्र को लूट तंत्र बनाया है। प्रजातंत्र को परिवार तंत्र बनाया है। भाजपा इस पूरे लूट तंत्र को बदल देगी। भाजपा सरकार बनते ही पीएससी घोटाले की जांच होगी। कोई कितना भी ताकतवर हो, मोदी उसको जेल में डालकर रहेगा। नौजवान, हर सरकारी कर्मचारियों को पूरा न्याय मिलेगा।
कार्यक्रम को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन प्रदेश महामंत्री व मुख्यालय प्रभारी केदार कश्यप ने और आभार भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लता उसेंडी ने की। इस दौरान मंच में भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह, नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल, बस्तर संभाग प्रभारी व सांसद संतोष पांडेय, किरण देव, मोहन मंडावी, पूर्व राज्य सभा सांसद रामविचार नेताम, पूर्व सांसद विक्रम उसेंडी, बैदूराम कश्यप, लच्छू राम कश्यप, कमलचन्द भंजदेव, पूर्व मंत्री महेश गागड़ा, तेजस्वी मंडावी, शालिनी राजपूत, जिला अध्यक्ष रूपसिंह मंडावी, चौतराम अटामी, रुपसाय सलाम, सतीष लाठिया, धनीराम बारसे, श्रीनिवास मुदलियार दीपेश अरोरा, संतोष बाफना, सुभाऊ कश्यप, बस्तर प्रत्याशी मनीराम कश्यप, कांकेर प्रत्याशी आशाराम नेताम मौजूद रहे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal

