- महादेव एप मामले में CM भूपेश बघेल का बड़ा सवाल, BJP ने एप मालिकों से तो नहीं लिया चुनावी फंड ?
द सीजी न्यूज
सीएम भूपेश बघेल ने आज भाजपा पर बड़ा हमला बोला। विधानसभा चुनाव से पहले भूपेश ने आक्रामक तेवर में सवाल किया कि क्या भाजपा ने महादेव एप से चुनावी फंड तो नहीं ले लिया। समाचार एजेंसी से बातचीत करते हुए भूपेश ने केंद्र की मोदी सरकार पर तीखा हमला करते हुए सवालों के घेरे में खड़ा कर दिया। बाद में भूपेश बघेल ने बातचीत का वीडियो को शेयर करते हुए ट्वीट किया – हिम्मत है तो इन सवालों के जवाब दे देना … कहीं कोई फंड तो नहीं ले लिया ???
शुक्रवार को महादेव सट्टेबाजी एप मामले में ईडी ने कोर्ट में चार्जशीट पेश की है। ईडी की 8 हजार से अधिक पन्नों की चार्जशीट में सौरभ चंद्राकर, रवि उप्पल सहित कुल 14 आरोपियों के नाम शामिल हैं। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भारतीय जनता पार्टी पर महादेव एप के संचालकों से चुनावी फंड लेने का आरोप लगाया।
सीएम भूपेश बघेल ने कहा कि पूरे देश में शायद ही किसी राज्य ने कार्रवाई की होगी। छत्तीसगढ़ की सरकार ने इस मामले में पूरी कार्रवाई की। 450 लोगों को गिरफ्तार किया गया। कांग्रेस सरकार ने तो आरोपियों के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किया। क्योंकि वह विदेश में हैं।एप बंद करने का काम राज्य सरकार नहीं कर सकती है, यह केंद्र सरकार का है। उन्होंने सवाल किया कि एप बंद क्यों नहीं किया गया। छत्तीसगढ़ सरकार महादेव एप को लेकर लगातार कार्रवाई करती रही। केंद्र सरकार ने कार्रवाई क्यों नहीं की।
उन्होंने सवाल उठाया कि यदि एप बंद नहीं किया जा रहा है, तो शंका है कि कहीं भाजपा ने चुनावी फंड तो नहीं ले लिया? उन्होंने भाजपा से सवाल किया कि यह एप अब तक हिंदुस्तान में क्यों चल रहा है ? एप संचालकों की गिरफ्तारी क्यों नहीं हो रही है ? बघेल ने कहा कि महादेव एप के आरोपी बीजेपी लोगों के साथ मिलकर पार्टियां करते हैं। ऐसे में मिलीभगत से इंकार नहीं किया जा सकता है।
भाजपा द्वारा पाकिस्तान से छत्तीसगढ़ कांग्रेस को फंड देने, दाऊद इब्राहीम का पैसा छत्तीसगढ़ में आने जैसे आरोप लगाए जाने पर सीएम भूपेश बघेल ने कहा कि यह मूर्खतापूर्ण बात है। पूरी तरह हास्यास्पद है। महादेव एप के मामले में केवल छत्तीसगढ़ सरकार ने कार्रवाई की है। केंद्र सरकार कार्रवाई क्यों नहीं कर रही? महादेव एप में लोग सट्टा खेलकर पैसा बर्बाद कर रहे हैं। आप ( केंद्र सरकार ) केवल हमारे लोगों को पकड़कर अकारण बदनाम कर रही है।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal