द सीजी न्यूज
महादेव जुआ ऐप मामले में इस महीने की शुरुआत में ई़डी (प्रवर्तन निदेशालय) द्वारा गिरफ्तार किया गया ड्राइवर असीम दास अपने उस बयान से मुकर गया है जिसमें उसने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को चुनाव के लिए पैसे पहुंचाने की बात कही थी। दास ने अदालत को पत्र लिखकर कहा है कि उसे गलत तरीके से फंसाया जा रहा है। ईडी ने उससे अंग्रेजी में लिखे बयान पर हस्ताक्षर करने के लिए मजबूर किया, अंग्रेजी भाषा को वह नहीं समझता।
3 नवंबर को ई़डी ने किया था गिरफ्तार
छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के पहले चरण से चार दिन पहले तीन नवंबर को ईडी ने इस मामले में असीम दास और एक पुलिस कांस्टेबल भीम सिंह यादव को गिरफ्तार किया। दास की कार से कथित तौर पर 5.39 करोड़ रुपये जब्त किए गए। ईडी ने इस मामले में अदालत को बताया कि दास ने पूछताछ में स्वीकार किया कि यह राशि सत्तारूढ़ राजनीतिक अधिकारियों को पहुंचाने आया था। उसने पूछताछ में बताया था कि सीएम भूपेश बघेल तक भी कैश पहुंचाया गया था। असीम दास अब अपने बयान से मुकर गया है। उसने कहा है कि उसे अब एहसास हो रहा है कि उसे बलि का बकरा बनाया जा रहा है। उसने कहा कि वो यह स्पष्ट कर देना चाहता है कि उसने कभी भी सीएम बघेल, विनोद वर्मा या किसी अन्य कांग्रेस पार्टी के नेता या कार्यकर्ता को कोई पैसा नहीं पहुंचाया है।
कांग्रेस ने ईडी पर साधा निशाना
अब कांग्रेस पार्टी ने ईडी पर निशाना साधा है। कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ सरकार को निशाना बनाने का आरोप लगाया है। सीएम बघेल पहले ही ईडी और असीम दास के आरोपों से इनकार कर चुके हैं। उन्होंने बीजेपी और ईडी पर साजिश का आरोप भी लगाया है। ईडी ने जुलाई 2022 में धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA) के तहत महादेव ऑनलाइन सट्टेबाजी ऐप मामले की जांच शुरू की, जिसमें दावा किया गया कि ऐप के प्रमोटर सौरभ चंद्राकर और रवि उप्पल विदेश में बैठकर इस अवैध सट्टेबाजी ऐप का संचालन करते हैं।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
