Breaking News

पीएम नरेंद्र मोदी ने छत्तीसगढ़ समेत पांच राज्यों में विकसित भारत संकल्प यात्रा का किया शुभारंभ

द सीजी न्यूज

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने छत्तीसगढ़ समेत पांच राज्यों में विकसित भारत संकल्प यात्रा का शुभारंभ किया। प्रधानमंत्री मोदी ने यात्रा में शामिल रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रथों के माध्यम से आम लोगों को शासकीय योजनाओं की जानकारी मिलेगी। समयबद्ध रूप से जरूरतमंदों को योजनाओं का लाभ दिलाना विकसित भारत संकल्प यात्रा का उद्देश्य है। छत्तीसगढ़ में रायपुर के विवेकानंद सरोवर में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने वाहनों को हरी झंडी दिखाई। प्रदेश के सभी जिलों में विकसित भारत संकल्प यात्रा का शुभारंभ किया गया है।

 मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय

इस मौके पर पीएम नरेंंद्र मोदी ने नई दिल्ली में आयोजित वर्चुअल कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि मोदी की गारंटी वाली गाड़ी देश के कोने कोने में पहुंच रही है। एक महीने पहले शुरू हुई यात्रा हजारों गांवों के साथ डेढ़ हजार शहरों में भी पहुंच चुकी है। आज छत्तीसगढ़ से भी यात्रा का शुभारंभ हो गया है। आचार संहिता की वजह से यहां यात्रा शुरू नहीं हो पाई थी। नई सरकार से मेरा आग्रह है कि विकसित भारत संकल्प यात्रा का अपने राज्य में तेजी से विस्तार करें।

मोदी ने कहा कि देश का जनमन इससे बहुत उत्साहित है। जहां यात्रा खत्म होती है वहां से दूसरे गांव के लोग इसकी अगुवाई करने लगते हैं। नमो एप को डाउनलोड कर रहे हैं और विकसित भारत के एंबेसडर बन रहे हैं। लोग क्विज में हिस्सा ले रहे हैं। इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से न केवल लोग पुरस्कार जीत रहे हैं बल्कि नई जानकारी भी प्राप्त कर रहे हैं। विकसित भारत के संकल्प में हमारे शहरों की बड़ी भूमिका है। आजादी के लंबे समय तक जो विकास हुआ, उसका दायरा बड़े शहरों तक रहा। आज हम टीयर 2 और टीयर 3 शहरों के विकास पर भी जोर दे रहे हैं। छोटे शहरों में मूल सुविधाओं को बढ़ावा दिया जा रहा है। अमृत मिशन, ट्रैफिक सिस्टम, ड्रैनेज सिस्टम या अन्य नागरिक सुविधाओं को अपग्रेड किया जा रहा है। शहरों में पहली बार व्यापक स्तर पर काम हो रहा है।

मोदी ने कहा कि कोरोना के बड़े संकट में सरकार ने कोई कोर-कसर नहीं छोड़ी। सरकार ने 20 करोड़ महिलाओं के खाते में हजारों करोड़ ट्रांसफर किये। सबको कोरोना की वैक्सीन उपलब्ध कराई। गरीबों के लिए मुफ्त राशन की योजना शुरू की। छोटे उद्योगों को बचाने के लिए लाखों करोड़ों रुपए दिये। पीएम स्वनिधि योजना से लोगों को सस्ता आसान लोन मिल रहा है। देश में 50 लाख से अधिक लोगों को बैंकों से मदद मिल चुकी है। पीएम स्वनिधि योजना के 75 प्रतिशत से अधिक हितग्राही दलित, पिछड़े, आदिवासी समाज के लोग हैं। इनमें 45 प्रतिशत तो महिलाएं हैं।

मोदी ने कहा कि अटल पेंशन योजना के माध्यम से देश के 6 करोड़ साथी जुड़ चुके हैं। प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना भी शहर में रहने वाले लोगों के लिए बड़ी उम्मीद बनी हुई है। प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा भी है। हमारी सरकार इन दोनों योजनाओं के माध्यम से अब तक 17 हजार करोड़ रुपए की क्लेम राशि इन परिवारों को दे चुकी है। संकट की घड़ी में इन परिवारों को यह सहायता काफी उपयोग साबित हुई है। आयुष्मान कार्ड की वजह से गरीबों के 1 लाख करोड़ रुपए खर्च होने से बच सके हैं। हमारी सरकार ने जनौषधि केंद्र खोले हैं, दवाओं में 80 प्रतिशत डिस्काउंट मिल रहा है। अगर जनौषधि केंद्र न होता तो इनका 25 हजार करोड़ रुपए खर्च हो जाता।

मोदी ने कहा कि हमने वन नेशन, वन राशन कार्ड बनवाया ताकि इस तरह की दिक्कत न हो। सबके पास पक्का घर हो, इसके लिए केंद्र सरकार 4 करोड़ से ज्यादा घर बनवा चुकी है। 1 करोड़ से अधिक घर शहरी गरीबों को मिले हैं। मिडिल क्लास के लोगों के लिए क्रेडिट लिंक सब्सिडी स्कीम है। शहरों में लोगों को बेहतर जीवन देने के लिए आधुनिक पब्लिक ट्रांसपोर्ट जरूरी है। पिछले एक दशक से भी कम समय में नये शहरों में मेट्रो सेवा का विस्तार हुआ है। अनेक शहरों में इलेक्ट्रिक बसों को चलाया जा रहा है। दिल्ली में 500 नई इलेक्ट्रिक बस चलाई गई हैं। मोदी ने कहा कि ये मोदी की गारंटी वाली गाड़ी आपके लिए है।

इस अवसर पर रायपुर मेंं सीएम विष्णुदेव साय ने कहा कि आज छत्तीसगढ़ प्रदेश की राजधानी रायपुर में विकसित भारत संकल्प यात्रा की शुरूआत हो रही है। मुख्यमंत्री के रूप में दायित्व संभालने के बाद आज वीडियो कन्फ्रेंस के माध्यम से पहली बार पूरे प्रदेश के नागरिकों से बात करने का सुअवसर आया है। प्रधानमंत्री ने आज विकसित भारत संकल्प यात्रा का शुभारंभ किया है।
हमारे प्रधानमंत्री ऐसे प्रधानमंत्री हैँ जो जनहित में योजनाएं बनाते है। योजना का लाभ लोगों तक पहुँचे यह भी सुनिश्चित करते हैं। ग़रीबों को आगे बढ़ाने के लिए उनकी सरकार समर्पित होकर कार्य करती है। हमारे प्रधानमंत्री ने कोरोना के समय भी देश के नागरिकों की रक्षा की। प्रधानमंत्री  ने कोरोना जैसी महामारी को ख़त्म कर पूरे विश्व को संदेश दिया है। कोविड के दो टीके बनाए और दूसरे देशों को भी दिये। गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत 80 करोड़ जनता को 5 किलो अतिरिक्त चावल प्रदान किया जा रहा है।

साय ने कहा कि मोदी की गारंटी में हर वर्ग के लिए चिंता है। हर वर्ग के सरोकार हैं। मैं मुख्यमंत्री के नाते आश्वस्त करना चाहता हूँ कि मोदी की गारंटी पूरी होंगी। शपथ ग्रहण के दूसरे ही दिन हमने केबिनेट में यह निर्णय लिया है कि 18 लाख लोगों को आवास मिलेगा। हम मोदी की गारंटी प्रदेश में पूरा करेंगे। विकसित भारत संकल्प यात्रा आज से प्रारम्भ होकर 26 जनवरी 2024 तक चलेगी। आप सभी हितग्राहियों के फार्म भरवा कर योजनाओं का लाभ दिलवाने में उन्हें मदद करें।

रायपुर में विकसित भारत संकल्प यात्रा के शुभारंभ के अवसर पर सांसद सुनील सोनी, विधायक बृजमोहन अग्रवाल, विधायक मोतीलाल साहू, पुरंदर मिश्रा, राजेश मूणत, मुख्य सचिव अमिताभ जैन, अपर मुख्य सचिव सुब्रत साहू सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में विभिन्न योजनाओं के लाभार्थी उपस्थित रहे।

Check Also

रिमझिम सावन मेला 21-22 अगस्त को : महिलाओं के लिए होंगे मनोरंजक गेम्स

स्व-सहायता समूहों एवं महिलाओं के उत्पादों की प्रदर्शनी के लिए लगेंगे 30 स्टॉल THE CG …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!