Breaking News

वास्तविक शिक्षा वह जो विद्यार्थी को ज्ञानवान के साथ-साथ चरित्रवान भी बनाए : विष्णु देव साय

  • मुख्यमंत्री मेधावी छात्र अलंकरण समारोह में हुए शामिल

द सीजी न्यूज

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज सरस्वती शिक्षण संस्थान रोहणीपुरम् में मेधावी छात्र अलंकरण समारोह में शामिल हुए। उन्होंने प्रतिभावान् छात्रा-छात्राओं को सम्मानित किया। उन्होंने इस अवसर पर कहा कि शिक्षा का अर्थ केवल अक्षर ज्ञान प्राप्त करना अथवा डिग्रियां हासिल कर लेना नहीं है, बल्कि वास्तविक शिक्षा वह है जो विद्यार्थी को ज्ञानवान के साथ-साथ चरित्रवान भी बनाएं। उसे राष्ट्र के लिए उज्ज्वल चरित्र के नागरिक तैयार करें। मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से कहा कि हम सभी सनातन जीवन मूल्यों के संवाहक हैं। इन मूल्यों को बचाए रखना ही पूरी दुनिया को बचाए रखने का एकमात्र उपाय है।

मुख्यमंत्री मेधावी छात्र अलंकरण समारोह में हुए शामिल

मुख्यमंत्री मेधावी छात्र अलंकरण समारोह में हुए शामिल

साय ने कहा कि इस समय पूरे विश्व की परिस्थितियों को देख हम रहे हैं। हर तरफ मनुष्य और मानवता पर संकट दिखता है। आपसी संघर्षों में उलझी दुनिया बार-बार भारत की ओर देखती है, क्योंकि हम विश्व शांति और वसुधैव कुटुबंकम की बात करते हैं। उन्होंने कहा कि निश्चित रूप से भारत विश्व गुरू बनेगा, दुनिया को शांति-एकजुटता और समन्वित विकास की ओर भारत ही लेकर जाएगा। यह समय भारत का स्वर्णिम समय है। प्रधानमंत्री मोदी जी का कहना है कि शिक्षा ही है जो देश का भाग्य बदलने की ताकत रखती है। मोदी जी ने विकसित भारत के निर्माण का लक्ष्य हम सबके सामने रखा है। इसमें शिक्षा की अहम भूमिका है।

स्कूल शिक्षा मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि सरस्वती शिक्षण संस्थान पूरे देश में एक ऐसी शिक्षा प्रदान कर रही है, जिससे देश में विद्यार्थी को सम्पूर्ण मनुष्य के रूप में तैयार कर सकें। उन्होंने पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी के एकात्म मानववाद का उल्लेख करते हुए कहा कि अन्य शिक्षा पद्धति बौद्धिक रूप से बच्चों को तैयार करती है, मगर सरस्वती शिक्षण संस्थान बच्चों को केवल बुद्धि से नहीं बल्कि शरीर, मन, बुद्धि और आत्मा के उत्थान अर्थात आध्यात्मिक उत्थान के लिए कार्य करता है। इस अवसर पर विद्या भारती संस्था के राष्ट्रीय महामंत्री अवनीश भटनागर, सरस्वती शिक्षा संस्थान के अध्यक्ष जुड़ावन सिंह ठाकुर, सचिव  विवेक सक्सेना, डॉ. देवनारायण साहू, विद्या भारती के राष्ट्रीय मंत्री द्वय श्रीराम अरावकर, शिवकुमार आदि उपस्थित थे।

Check Also

गोडसे के चेले देशभक्तों पर आरोप लगा रहे, वोट चोरी के विरोध में जनसैलाब को नहीं रोक पाएगी कोई भी तानाशाह ताकत : ठाकुर

एआईसीसी आब्जर्वर राजेश ठाकुर बोले – चोरों के सरदार की भाषा बता रही है कि …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!