द सीजी न्यूज
दुर्ग / उप जिला निर्वाचन अधिकारी बी.के. दुबे ने आज कलेक्टोरट सभाकक्ष में भारत निर्वाचन आयोग द्वारा विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण 2024 के संबंध में राजनैतिक दलों और मीडिया की बैठक ली। उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतदाता सूची का प्रारंभिक प्रकाशन 6 जनवरी 2024 को किया गया है। 6 जनवरी 2024 से 22 जनवरी 2024 तक कार्यालयीन दिवसों में सभी मतदान केंद्रों में नाम जोड़ने, हटाने या संशोधन के लिए दावा-आपत्ति किया जा सकता है।
विशेष अभियान दिवस के तहत विशेष शिविर दिवसों 13 जनवरी 2024 (शनिवार) और 14 जनवरी 2024 (रविवार) को भी दावा आपत्ति किया जा सकता है। 1 जनवरी, 1 अप्रैल, 1 जुलाई और 1 अक्टूबर 2024 को जिनकी आयु 18 वर्ष पूर्ण हो गई है, वे फार्म -6 में आवेदन प्रस्तुत कर मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज करा सकते हैं। मतदाता सूची से नाम विलोपन हेतु फार्म 7 में, मतदाता सूची की प्रविष्ट में किसी भी प्रकार के संशोधन के लिए फार्म 8 में आवेदन कर सकते हैं।
विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान और मतदाता सूची से संबंधित किसी भी जानकारी के लिए मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय रायपुर में स्थित टोल फ्री नंबर 1950 में कार्यालयीन दिवस में सुबह 10 से शाम 5.30 बजे तक संपर्क कर सकते हैं। पुनरीक्षण के समय प्राप्त दावे आपत्ति की सूची वेबसाईट पर उपलब्ध रहेगी। सूची में आपत्ति होने पर संबंधित निर्वाचक/ सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के पास आपत्ति दर्ज कराई जा सकती है।
मतदाता सूची में नाम जोड़ने, काटने, संशोधन और स्थानांतरण के लिए प्ले स्टोर से वोटर हेल्पलाईन एप डाउनलोड कर या वोटर्स डॉट इसीआई डॉट जीओवी डॉट इन पोर्टल में आनलाईन आवेदन कर सकते हैं और मतदाता सूची में अपना नाम सर्च कर सकते हैं। उप जिला निर्वाचन अधिकारी बजरंग दुबे ने बताया कि 6 जनवरी 2024 की स्थिति में विधानसभावार मतदाता संख्या क्रमशः विधानसभा 62 पाटन में 217210, विधानसभा 63 दुर्ग ग्रामीण में 220305, विधानसभा 64 दुर्ग शहर में 228207, विधानसभा 65 भिलाई नगर में 168852, विधानसभा 66 वैशाली नगर में 251124, विधानसभा 67 अहिवारा में 244869, विधानसभा 68 साजा (आंशिक) में 86807 और विधानसभा 69 बेमेतरा (आंशिक) में 18258 है।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
