द सीजी न्यूज
रायपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट आज रायपुर पहुंचे। कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में पायलट का भव्य स्वागत हुआ। गुरुवार की दोपहर में पायलट राजधानी पहुंचे। कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज और नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत सहित कांग्रेसजन की भारी भीड़ ने उनका भव्य स्वागत किया। मुख्यालय में बैठक से पहले पायलट ने पूर्व महापुरुषो और छत्तीसगढ़ महतारी की तस्वीर पर पुष्प अर्पित किया।
इससे पहले कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एयरपोर्ट पर पायलट का जोशीला स्वागत किया। सचिन पायलट के पहुंचने से पहले ही पीसीसी चीफ दीपक बैज समेत कई दिग्गज नेता पहुंच गए थे। इस दौरान सैकड़ों कार्यकर्ता एयरपोर्ट पहुंच गए थे। एयरपोर्ट के बाहर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं ने अपने नए प्रभारी का भव्य स्वागत किया। स्वागत से अभिभूत होकर सचिन पायलट ने मीडिया से भी बातचीत की।
पायलट ने मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि प्रदेश के सभी वरिष्ठ नेताओं को साथ लेकर आगे बढ़ेंगे। कांग्रेस यहां मजबूत विपक्ष की भूमिका निभाएगी। चुनाव से पहले BJP ने जो वादे किए, उन्हें पूरा करने के लिए हम सरकार को मजबूर कर देंगे। उन्होंने छत्तीसगढ़ में अपनी प्राथमिकताएं बताते हुए कहा कि लोकसभा चुनाव में कांग्रेस की जीत बड़ी प्राथमिकता होगी। उन्होंने राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा को लेकर भी बैठक में नेताओं से चर्चा करने की बात कही।
अयोध्या में न्यौता ठुकराए जाने पर भी बोले पायलट
कांग्रेस आलाकमान द्वारा अयोध्या में राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा का न्योता ठुकराये जाने पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि BJP के पास धर्म के अलावा कोई मुद्दा नहीं है। उन्होंने कहा कि धर्म किसी भी व्यक्ति का निजी विषय है। किसी को कब मंदिर जाना है, यह उसे तय करना है। BJP धर्म के नाम पर लोगों को सिर्फ भड़काने का काम करती है।
हार के बाद स्वाभाविक पीड़ा
लोकसभा चुनाव में परफॉर्मेंस को लेकर सचिन पायलट ने कहा कि हम इतिहास बदलने आए हैं। लोकसभा चुनाव को लेकर पार्टी के कार्यकर्ताओं में में उत्साह है। सभी नेता और कार्यकर्ता एकजुट होकर काम करेंगे। विधानसभा चुनाव में मिली हार के बाद छत्तीसगढ़ कांग्रेस में उभरे अंतर्कलह पर पायलट ने कहा कि हार के बाद कार्यकर्ताओं की पीड़ा स्वाभाविक होती है। लोकसभा चुनाव से पहले सब कुछ ठीक हो जाएगा।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal

