Breaking News

80 वीं महंत राजा सर्वेश्वर दास स्मृति अखिल भारतीय हॉकी प्रतियोगिता का हुआ शुभारंभ : 7 फरवरी को अंतर्राष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में खेला जाएगा फाइनल

द सीजी न्यूज

राजनांदगांव। 80 वीं महंत राजा सर्वेश्वर दास स्मृति अखिल भारतीय हॉकी प्रतियोगिता का आज अंतर्राष्ट्रीय एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम राजनांदगांव में जिला पंचायत अध्यक्ष गीता साहू के मुख्य आतिथ्य में शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर गीता साहू ने कहा कि हॉकी उनके जीवन से जुड़ा हुआ है और वे स्वयं हॉकी खिलाड़ी रही हैं। शिक्षा ग्रहण के समय हॉकी में लगाव के फलस्वरूप उन्होंने हॉकी खेलना प्रारंभ किया था। किसी भी टीम में शामिल खिलाड़ी अकेला नहीं बल्कि उसके साथ पूरी टीम, राज्य और पूरा देश खेलता है। यह खेल की महत्ता है। उन्होंने इस अवसर पर सभी टीमों को शुभकामनाएं दी।

शुभारंभ अवसर पर मुख्य अतिथि व अन्य उपस्थित अतिथियों ने खिलाड़िय़ों से परिचय प्राप्त किया और मुख्य अतिथि गीता साहू ने 80वीं महंत राजा सर्वेश्वर दास स्मृति अखिल भारतीय हॉकी प्रतियोगिता 2024 राजनांदगांव के विधिवत उद्घाटन की घोषणा भी की। इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह, जिला पंचायत सदस्य राजेश श्यामकर, जनपद पंचायत राजनांदगांव अध्यक्ष प्रतीक्षा सूर्यकांत भण्डारी, कलेक्टर एवं अध्यक्ष स्टेडियम समिति राजनांदगांव संजय अग्रवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राहुल देव शर्मा उपस्थित थे।

इस अवसर पर पूर्व अंतर्राष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी मृणाल चौबे ने भी संबोधित किया और खिलाडिय़ों को शुभकामनाएं दी। उन्होंने मृणाल चौबे परिवार की ओर से चतुर्थ पुरस्कार प्रदान करने की भी घोषणा की। कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर संयुक्त कलेक्टर एवं स्टेडियम समिति के प्रभारी अधिकारी खेमलाल वर्मा ने प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए कहा कि हॉकी और झांकी के लिए राजनांदगांव जिला विख्यात है। यहां जाने माने अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताएं भी हुई है। पूर्व ओलंपिक व अंतर्राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों ने भी यहां आयोजित होने वाली प्रतिस्पर्धाओं में भी हिस्सा लेकर जिले का मान-सम्मान बढ़ाया है।

इस वर्ष  80वीं महंत राजा सर्वेश्वर दास स्मृति अखिल भारतीय हॉकी प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों की कुल 24 टीमें भाग ले रही हैं। इस प्रतियोगिता में विजेता टीम को रजत कप व 5 लाख रुपए और उपविजेता टीम को रजत कप व 3 लाख रुपए की राशि पुरस्कार स्वरूप प्रदान की जाएगी। इस अवसर पर भरत वर्मा, नीलू शर्मा, सचिन बघेल, किशुन यदु, प्रकाश सांखला, नीलम जैन, छत्तीसगढ़ हॉकी के अध्यक्ष फिरोज अंसारी, रमेश डाकलिया, नरेश डाकलिया, भूषण साव, गणेश प्रसाद शर्मा, रणविजय प्रताप सिंह, प्रिंस भाटिया, अजय झा, प्रकाश शर्मा,  अशोक मेहरा, ए एक्का, अन्य जनप्रतिनिधि सहित मीडिया प्रतिनिधि, अधिकारी व बड़ी संख्या में खेल प्रेमी जनता उपस्थित रहे।

देश की प्रतिष्ठित हॉकी प्रतियोगिताओं में से अग्रणी स्थान रखने वाली हॉकी नर्सरी की इस प्रतियोगिता को पूर्व गरिमा के अनुरूप ही भव्यता प्रदान करने के लिए आयोजन समिति से जुड़े सभी सदस्य लगे हुए हैं। इस वर्ष देश की चुनिंदा टीम इस प्रतियोगिता मे हिस्सा ले रही है, जिसमें पेट्रोलियम स्पोर्ट्स प्रमोशन बोर्ड नई दिल्ली, सेन्ट्रल रेल्वे मुम्बई, कस्टम पुणे, पंजाब एण्ड सिंध बैंक जालंधर, आरसीएफ कपूरथला, बंगाल इलेवन, एससी सिकंदराबाद, आर्मी इलेवन दिल्ली, एयर फोर्स नई दिल्ली, गंगपुर हॉकी एसोसिएशन, एनसीओई सोनीपत, जीएसटी चेन्नई, स्पोर्ट्स कॉलेज सैफई,  सीटीसी मुम्बई, नवल टाटा, पाम्पोस हॉस्टल, एनसीओई लखनऊ, महाराष्ट्र हॉकी पूणे, साई सुंदरगढ़, एनसीआर इलाहाबाद, एनसीओई मणिपुर, सेल राऊलकेला के अलावा मेजबान जिला हॉकी संघ की टीम शामिल है।

हॉकी नर्सरी के प्रशंसकों की रूचि और उत्साह को देखते हुए आयोजन समिति ने इस वर्ष स्पर्धा को और मनोरंजक व लोकप्रिय बनाने के लिए नाक आउट कम लीग के आधार पर प्रतियोगिता कराने का निर्णय लिया है। पहले चरण में नॉक आउट व दूसरे चरण में लीग मैच खेले जाएंगे, जिसमें प्रत्येक पूल की सर्वाधिक अंक पाने वाली टीम के मध्य सेमीफाइनल मैच खेले जायेंगे और इसमें विजयी टीम के मध्य प्रतियोगिता का  फाइनल मैच 7 फरवरी को दोपहर में खेला जाएगा।

Check Also

गोडसे के चेले देशभक्तों पर आरोप लगा रहे, वोट चोरी के विरोध में जनसैलाब को नहीं रोक पाएगी कोई भी तानाशाह ताकत : ठाकुर

एआईसीसी आब्जर्वर राजेश ठाकुर बोले – चोरों के सरदार की भाषा बता रही है कि …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!