द सीजी न्यूज
केंद्र द्वारा कांग्रेस के खातों को फ्रीज करने पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने इसे तानाशाही करार दिया है। इसके विरोध में 17 फरवरी को राज्य के सभी जिला मुख्यालयों में सुबह 11 बजे इंकम टैक्स कार्यालय के सामने विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। दुर्ग में कांग्रेस नेताओं ने इस मामले को लेकर तीकी प्रतिक्रिया जताई है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर कल 17 फरवरी को दुर्ग में गांधी प्रतिमा के पास विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।
वरिष्ठ कांग्रेस नेता अरुण वोरा, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री राजेंद्र साहू, महापौर धीरज बाकलीवाल, शहर कांग्रेस अध्यक्ष गया पटेल, पूर्व महापौर आरएन वर्मा, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष अलताफ अहमद, राजकुमार साहू, अजय मिश्रा, राजकुमार पाली, महीप सिंह ने शहर कांग्रेस कमेटी के सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं समेत युवा कांग्रेस, एनएसयूआई, महिला कांग्रेस, इंटक, सेवादल सहित सभी प्रकोष्ठों के कार्यकर्ताओं से प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की है।
वोरा ने इस मामले को लेकर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि केंद्र की मोदी सरकार विपक्षी दलों की लोकतांत्रिक गतिविधियों और सांगठनिक गतिविधियों से घबराकर तानाशाही भरा रवैया अपना रही है। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस और भारतीय युवा कांग्रेस के बैंक खातों को फ्रीज करके केंद्र सरकार ने ऐसा ही तानाशाही भरा फैसला किया है।
वोरा ने कहा कि लोकसभा चुनावों से ठीक पहले यह कदम उठाने से यह साबित हो गया है कि राहुल गांधी की न्याय यात्रा से भाजपा घबरा गई है। केंद्र सरकार द्वारा कांग्रेस के खातों को फ्रीज करना हमारे देश के लोकतांत्रिक मूल्यों पर बड़ा हमला है। देश में लोकतंत्र को बचाने और भाजपा के तानाशाही भरे रवैये के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ता कड़ा प्रदर्शन करेंगे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
