द सीजी न्यूज
भिलाई नगर। संभागायुक्त एस.एन. राठौर ने नगर निगम भिलाई के विभागीय कार्यों का औचक निरीक्षण किया और जन सामान्य के कार्यों को समय सीमा में पूरा करने और अलग अलग कार्यों के लिए निगम कार्यालय आने वाले नागरिकों से उत्तम व्यवहार रखने की नसीहत अधिकारी, कर्मचारी को दी।
निगम मुख्य कार्यालय सुपेला में शुक्रवार को सुबह संभागायुक्त एस.एन. राठौर पहुॅचे और आयुक्त देवेश कुमार ध्रुव के साथ विभागों का निरीक्षण किया। उन्होंने भवन अनुज्ञा शाखा में पहुॅचकर भवन अधिकारी से नियमितीकरण के आवेदनों की प्रगति की जानकारी ली। लोगों को नियमितीकरण प्रमाण पत्र प्रदान करने लम्बित प्रकरणो पर शीध्र कार्रवाई करने के निर्देश दिए। टैक्स वसूली काउन्टर में उन्होने कर्मचारियो से टैक्स भुगतान की प्रक्रिया को समझा और आनलाईन भुगतान की प्रक्रिया को सरल बनाने कहा, ताकि नागरिकों को घर बैठे टैक्स भुगतान कि.सुविधा मिले।

संभागायुक्त ने करों का भुगतान करने आने वाले नागरिकों के बैठने और पर्याप्त पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने कहा। विवाह पंजीयन काउन्टर में पहुॅचकर विवाह पंजीयन की पूरी प्रक्रिया से अवगत होते हुए संभागायुक्त ने अब तक हुए पंजीयन की जानकारी ली। बताया गया कि जनवरी माह से अभी तक 400 विवाह पंजीकृत किये जा चुके है। संभागायुक्त ने काऊंटर मे पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था के साथ योजना के नए बैनर पोष्टर लगाने के निर्देश दिए।
उन्होंने निगम कार्यालय में स्थापित कैन्टीन को परिसर में अन्य उचित स्थान पर स्थानांतरित करने के निर्देश दिये। राठौर ने कहा कि क्षेत्र के नागरिक अपने कार्य के लिए निगम कार्यालय पहुॅचते हैं, उनके साथ अधिकारी, कर्मचारियो का व्यवहार उचित हो, ताकि निगम की छवि लोगों के बीच बेहतर रहे। नागरिकों के लिए पर्याप्त पेयजल, बैठक व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ ही शौचालय की साफ-सफाई नियमित रूप से करने कहा।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal

