Breaking News

सरकार ने 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदकर प्रदेश के किसानों को देश में दिलाया सर्वश्रेष्ठ स्थान

  • मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कृषक उन्नति योजना खरीफ के तहत छत्तीसगढ़ के 24 लाख 72 हजार से अधिक किसानों के बैंक खाते में 13 हजार 320 करोड़ रुपये आदान सहायता राशि का किया अंतरण

द सीजी न्यूज

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कृषक उन्नति योजना खरीफ के तहत छत्तीसगढ़ के 24 लाख 72 हजार से अधिक किसानों को 13 हजार 320 करोड़ रुपये आदान सहायता राशि का किसानों के बैंक खाते में अंतरण किया। इस मौके पर मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव और  छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष रमन सिंह वर्चुअल माध्यम से समारोह में शामिल हुए। कार्यक्रम में कृषि मंत्री रामविचार नेताम, खाद्य मंत्री  दयालदास बघेल और सांसद मोहन मंडावी भी शामिल हुए।

छत्तीसगढ़ के किसानों के लिए आज का दिन अभूतपूर्व रहा। छत्तीसगढ़ सरकार की किसान हितैषी कृषक उन्नति योजना का राज्य स्तरीय शुभारंभ जिला मुख्यालय बालोद स्थित सरयू प्रसाद अग्रवाल स्टेडियम में हजारों किसानों व ग्रामीणों की मौजूदगी में किया गया। कार्यक्रम में राज्य के लगभग 24 लाख 75 हजार किसानों को इस योजना का लाभ मिला।

 

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बालोद जिले के ग्राम भरदाखुर्द के किसान रामाधार साहू को मुख्य मंच पर धान के आदान सहायता राशि का प्रमाण पत्र प्रदान किया। मुख्यमंत्री के हाथों धान की एकमुश्त राशि मिलने से खुश किसान रामाधार ने बताया कि विष्णुदेव साय सरकार ने 3100 रुपए प्रति क्विंटल में धान खरीदकर प्रदेश के किसानों को देश में सर्वश्रेष्ठ स्थान दिलाया है। उन्होंने कहा कि इस सरकार से पहले कभी सोचा नही था कि कोई धान का सर्वाधिक मूल्य देगा।

इस सरकार ने देश में धान का सर्वाधिक मूल्य 3100 रुपए प्रति क्विंटल देकर किसानों का मान सम्मान बढ़ाया है। वह 36 एकड़ में खेती करते है। धान आदान सहायता के रूप में मिली इतनी बड़ी राशि का वह खेती किसानी में सदुपयोग करेंगे। उन्होंने कहा कि अधिक फसल उत्पादन करने के लिए खेत खरीदने में आदान सहायता राशि का उपयोग करेंगे। यह राशि बच्चों के भरण पोषण और पढ़ाई लिखाई में भी काम आएगा।

उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने छत्तीसगढ़ के किसानों से 3100 रुपए क्विंटल की दर से धान खरीदी की गारंटी दी थी। इस गारंटी को पूरा करने के लिए छत्तीसगढ़ सरकार की कृषक उन्नति योजना की प्रदेशव्यापी शुरूआत आज हुई। योजना के तहत किसानों को आदान सहायता राशि का अंतरण उनके बैंक खातों में करने के लिए राज्य के सभी जिला मुख्यालयों सहित विकासखण्ड मुख्यालयों में भी कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कृषक उन्नति योजना के तहत किसानों को 3100 रुपए प्रति क्विंटल धान के मूल्य के मान से अंतर की राशि प्रदान की गई। राज्य में खरीफ विपणन वर्ष 2023-24 में राज्य के 24.72 लाख किसानों से 144.92 लाख मीटरिक टन धान की खरीदी समर्थन मूल्य पर की गई, जिसके एवज में किसानों को 31 हजार 914 करोड़ रुपए का भुगतान किया जा चुका है। किसानों को धान के मूल्य में अंतर की राशि 13 हजार 320 करोड़ रुपए का भुगतान होने के साथ ही प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की किसानों से की गई उक्त गारंटी भी पूरी हो गई।

Check Also

फर्जीवाड़ा : बिक चुकी जमीन का नामांतरण कराने के बाद दोबारा बेचा : कलेक्टर से शिकायत, जांच की मांग

THE CG NEWS दुर्ग। शहर में जमीन के नाम पर फर्जीवाड़े का बड़ा खेल किया …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!