Breaking News

दुर्ग जेल में कुख्यात अपराधियों को वीआईपी ट्रीटमेंट : बड़ा सवाल … संतरी से लेकर जेल अधीक्षक तक पूरे स्टाफ पर अब तक कार्रवाई क्यों नहीं ?

  • महादेव ऐप और हत्या के आरोपियों के पास हथियार, मोबाइल : काजू-बादाम खाते हैं जेल में
  • आकस्मिक निरीक्षण के दौरान जेल नियमों के खुले उल्लंघन के सबूत मिले, फिर भी कोई एक्शन नहीं, जेल अधीक्षक तो दूर एक संतरी पर भी कार्रवाई नहीं हुई 

द सीजी न्यूज

दुर्ग सेंट्रल जेल में महादेव सट्टा ऐप और हत्या के आरोपी दीपक नेपाली, तपन सरकार और मुक्कू नेपाली जैसे अपराधियों को VIP ट्रीटमेंट मिल रहा है। खुलासा तब हुआ जब दुर्ग कलेक्टर और एसपी जितेंद्र शुक्ला ने अपनी टीम के साथ मंगलवार को देर रात केंद्रीय जेल दुर्ग का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ एएसपी अभिषेक झा और 96 पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद थे। जेल की बैरक में पहुंचने पर बेहद चौंकाने वाली तस्वीरें सामने आई। खबरों के मुताबिक एसपी ने जेल अधीक्षक को जमकर फटकार लगाई है।

बड़ा सवाल ये है कि क्या केवल फटकार ही काफी है। 

जेल में चल रहे अंधेरगर्दी का पूरा सिस्टम उजागर हो गया। 

भ्रष्टाचार और लूट का खेल भी … 

बड़ा सवाल ये है कि ऐसी अंधेरगर्दी के बावजूद सस्पेंड क्यों नहीं किया गया?

जाहिर सी बात है कि इतनी सारी सुविधाएं मुफ्त में नहीं मिल रही होगी। मुफ्त में वीआईपी सुविधाएं देने की एवज में किस तरह का भ्रष्टाचार होता होगा। संतरी से लेकर जेल अधीक्षक तक कितनी रकम की बंदरबांट हर महीने होती होगी ?  

इसके बावजूद सिर्फ फटकार …. सिर्फ निर्देश … गजब है जेल प्रशासन का ये चेहरा …     

इस समय दुर्ग जिले में कई कुख्यात अपराधी बंद है। सबसे चर्चित नाम गैंगेस्टर तपन सरकार और उपेंद्र सिंह उर्फ कबरा का नाम है। गैंगस्टर तपन पर हत्या सहित अन्य अपराध दर्ज हैं। उसे नवीन जेल के सेक्टर बी में एक बैरक में रखा गया था। उपेंद्र सिंह उर्फ कबरा ने बिलासपुर जेल में पेशी जाते समय पूरी की पूरी ट्रेन हाईजैक कर ली थी। दीपक नेपाली महादेव सट्टा एप का बड़े मास्टर माइंड में से एक है। वो भी यहां कई महीनों से सजा काट रहा है।

VIP ट्रीटमेंट, काजू बादाम खा रहे थे अपराधी

मिली जानकारी के अनुसार एएसपी अभिषेक झा ने जब जेल के अंदर रेड मारी तो कई आपत्तिजनक चीजें पाई गईं। गैंगस्टर तपन सरकार, मुक्कू नेपाली, दीपक नेपाली और उपेंद्र कबरा जिस बैरक में हैं, वहां उन्हें VIP ट्रीटमेंट दिया जा रहा है। सभी आरोपियों को नवीन जेल परिसर में रखा गया था। जब दूर्ग एसपी अपनी टीम के साथ पहुंचे तो देखा कि सभी आरोपी मोटे गद्दे पर सोए हुए हैं। इनके गद्दे के नीचे से काजू, बादाम और किशमिश जैसे ड्राई फ्रूट्स मिले।

चार गद्दे पर सो रहा था गैंगस्टर तपन सरकार

जेल में क्षमता से ज्यादा कैदी होने से कैदियों को सोने के लिए पर्याप्त जगह नहीं है। 20 कैदियों के बैरक में 50 से 60 कैदी रखे जा रहे हैं। ऐसी हालत में गैंगस्टर तपन सरकार जेल में एक नहीं चार-चार गद्दों पर अकेला सोता हुआ मिला। यहां रिंकू पाण्डेय नाम का अपराधी भी आजीवन कारावास की सजा काट रहा है। रिंकू पांडे इस समय जेल का चक्कर इंचार्ज है। यही जेल के बाहर से अंदर तक के आपत्तिजनक कार्यों को मैनेज करता है। इसके ऊपर एक नाबालिग बच्ची के साथ गैंगरेप का आरोप है। इसमें बच्ची की मौत हो गई थी। यहां पंजाब का रहने वाला टैटू सरदार भी सजा काट रहा है। इसकी भी जेल के अंदर अच्छी खासी पकड़ है।

बैरक में मिला फोन, सिम, उस्तरा और हाथ से बने हथियार

एएसपी अभिषेक झा ने बताया कि आगामी लोकसभा निर्वाचन को देखते हुए केंद्रीय जेल दुर्ग का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। इस दौरान बैरक से एक मोबाइल फोन, सिम, उस्तरा, ब्लेड और चाकू जैसे हाथ से बने औजारों के साथ ही इस्तेमाल किया चिलम, बीड़ी, सिगरेट और अन्य प्रतिबंधित सामान जब्त किया गया है। कलेक्टर और दुर्ग एसपी ने जेल के अधिकारियों और कर्मचारियों को जमकर फटकार लगाई और सजग होकर ड्यूटी करने के निर्देश दिए हैं।

एसपी दुर्ग जितेंद्र शुक्ला ने बुधवार तड़के 4.45 बजे केंद्रीय जेल में छापेमारी की। इस दौरान जेल अधीक्षक भी वहां नहीं थे। केवल जेल प्रहरी ही ड्यूटी पर थे। इससे पहले कि जेल प्रहरी कुछ समझते और जेल अधीक्षक को सूचित कर पाते, एसपी ने जेल को खुलवाकर खुद ही बैरक चेक करना शुरू कर दिया। इस दौरान उन्हें खुंखार अपराधियों के पास से सब्जी काटने वाले धारदार चाकू और मोबाइल फोन भी मिले। अपराधी धारदार चाकू लेकर सो रहे थे। निरीक्षण के बाद से जेल में हड़कंप मचा हुआ है।

Check Also

गोडसे के चेले देशभक्तों पर आरोप लगा रहे, वोट चोरी के विरोध में जनसैलाब को नहीं रोक पाएगी कोई भी तानाशाह ताकत : ठाकुर

एआईसीसी आब्जर्वर राजेश ठाकुर बोले – चोरों के सरदार की भाषा बता रही है कि …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!