द सीजी न्यूज
दुर्ग / कलेक्टर ऋचा प्रकाश चौधरी ने आज रिसाली नगर निगम के अंतर्गत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मचारियों की उपस्थिति पंजी का अवलोकन किया। समय का ध्यान न रखने और देरी से काम पर आने वाले कर्मचारियों पर उन्होंने नाराजगी जताई और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को समय पर न आने वाले चिकित्सकों को नोटिस जारी कर आवश्यक कार्यवाही करने कहा। उन्होेंने दवाईयों व अन्य उपकरणों का अवलोकन किया। जिन दवाईयों की समयावधि समाप्त हो गई है, उन्हें तुरंत हटाने के निर्देश दिए।

उन्होंने उतई के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण भी किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने हाजरी रजिस्टर की जांच की। जांच के दौरान बहुत से चिकित्सक अनुपस्थित पाए गए। उन्होंने अनुपस्थित चिकित्सकों पर सख्त कार्यवाही करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने केंद्र में होने वाली विभिन्न जांचों सहित सिकलसेल टेस्ट यूनिट की जानकारी ली। सीएमएचओ जेपी मेश्राम ने बताया कि जांच के बाद मरीज को जिला अस्पताल भेजा जाता है। कलेक्टर स्वास्थ्य केंद्र में नियमित साफ-सफाई किए जाने के निर्देश दिए।
स्कूल परिसर में करें पौधा रोपणः कलेक्टर
रिसाली के आत्मानंद स्कूल में बनाए गए मतदान केंद्र का निरीक्षण करने के बाद कलेक्टर सीधे नेवई स्कूल पहुंची। मतदान केंद्र का निरीक्षण करने के बाद स्कूल परिसर को हरा भरा बनाने कहा।
मतदान केंद्रों का परीक्षण
लोकसभा निर्वाचन को लेकर रिसाली नगर निगम के अंतर्गत स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल में मतदान की तैयारी का जायजा लिया। कलेक्टर ने मतदान केंद्र में मूलभूत सुविधाओं का ध्यान रखने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने नेवई में स्थित शासकीय माध्यमिक शाला का निरीक्षण किया। इसे लोकसभा निर्वाचन हेतु मतदान के लिये चिन्हांकित किया गया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने बगीचा तैयार कर पौधा रोपण करने के निर्देश दिये।
मतदान के समय तेज गर्मी को देखते हुए कलेक्टर ने निर्देश दिए कि लोकसभा आम चुनाव के दौरान निगम क्षेत्र के मतदान केंद्रों में सभी व्यवस्था हो। उन्होंने मतदान दल के ठहरने की व्यवस्था के साथ पेयजल, प्रसाधन और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं में किसी भी तरह की लापरवाही न करने की बात कही।
पाटन विकासखण्ड के अंतर्गत पतोरा ग्राम पंचायत में शासकीय प्राथमिक शाला के निरीक्षण के दौरान बच्चों से पढ़ाई के बारे में चर्चा की। विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी ने बताया कि माध्यमिक शाला पतोरा के कक्षा 8 वीं के 8 छात्र-छात्राओं को राष्ट्रीय पुरस्कार हेतु चयनित किया गया है। कलेक्टर ने इस पर सभी शैक्षणिक व अन्य कर्मचारियों की प्रशंसा की।
निरीक्षण के दौरान नगर निगम रिसाली की आयुक्त मोनिका वर्मा, जिला स्वास्थ्य अधिकारी जेपी मेश्राम, अनुविभागीय अधिकारी मुकेश रावटेे, पाटन विकासखण्ड के अनुविभागीय अधिकारी दीपक निकुंज के साथ अन्य अधिकारी भी मौजूद थे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal


