- सांसद विजय बघेल पर भी बोला हमला – संसद में न किसानों के लिए आवाज उठाई, न छत्तीसगढ़ की ट्रेनें रद्द होने का मुद्दा उठाया
द सीजी न्यूज
अखिल भारतीय कांग्रेस पार्टी की राष्ट्रीय प्रवक्ता राधिका खेड़ा ने आज दुर्ग में प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित करते हुए भाजपा पर तीखे हमले किये। राधिका ने कहा कि पूरे देश हो रहे लोकसभा चुनाव किसी को जिताने या हराने के लिए नहीं है। ये चुनाव लोकतंत्र और देश के संविधान को बचाने के लिए है। भारतीय जनता पार्टी के सांसद अलग-अलग जगहों से लगातार इस बात पर जोर दे रहे हैं कि हमें 400 पार सीटें जीतनी हैं, क्योंकि हमें संविधान बदलना है।
राधिका खेड़ा ने कहा कि ये लड़ाई केवल जीत या हार तक सीमित नहीं है। ये चुनावी लड़ाई हर युवा, महिला, बुजुर्ग, किसान, खिलाड़ी सहित हर वर्ग की लड़ाई है। ये लड़ाई है भारत को उसकी भारतीयता बचाने के लिए। लड़ाई है उस गौरव को बचाने की, जो हमें हमारे पूर्वजों ने दिया है। एक तरफ़ संविधान के रक्षक हैं और दूसरी ओर संविधान के हत्यारे हैं। लाखों क्रांतिकारियों की शहादत से हमारा देश आजाद हुआ। संविधान से हमें समानता का अधिकार मिला और अब ये लड़ाई उस लोकतंत्र को बचाने की हो रही है।
राधिका खेड़ा ने कहा कि आरक्षण हटाने, सब कुछ अडानी-अंबानी को बेच देने और कोई सवाल ना कर सके, इसलिए संविधान को बदलने की बात बीजेपी नेता कर रहे हैं। भारतीय जनता पार्टी लगातार पूरे देश में भयावह माहौल बना चुकी है कि या तो हमारे साथ आ जाओ या जेल में चले जाओ। जिस तरीके से भाजपा ने ईडी, सीबीआई, आईटी जैसी देश की संवैधानिक संस्थाओं पर कब्जा किया है।
लगातार विपक्ष के नेताओं के यहाँ पहले रेड पड़ती है। फिर उन्हें पूरी तरीके से बदनाम कर दिया जाता है। विपक्षी नेताओं को जेल में डाला जा रहा है। क्योंकि जो लोग भाजपा में नहीं जाएंगे, उन्हें जेल में डाल दिया जाएगा। ये भाजपा ने साफ कर दिया है।
नरेंद्र मोदी कहते हैं कि भ्रष्टाचारी मेरे आसपास भी नहीं भटक सकते, वो मेरे ताप से जल जाएंगे। सच ये है कि देश के 25 सबसे करप्ट आदमी की अगर सूची बताऊँ, तो उन पर भाजपा ने ही सारी कार्रवाई कराई और हजारों करोड़ के करप्शन का आरोप लगाया। आज उनमें से लगभग 23 लोगों को तो ईडी, आईटी से क्लीन चिट मिल गई है। ये सभी भारतीय जनता पार्टी में आ चुके हैं। कोई उप मुख्यमंत्री बन चुका है, कोई केंद्र में मंत्री हैं, कोई मुख्यमंत्री बन गया है। भाजपा में शामिल होकर सब मज़े कर रहे हैं। मतलब साफ़ है कि नरेंद्र मोदी और भारतीय जनता पार्टी को भ्रष्टाचारियों से कोई गुरेज नहीं है।
राधिका ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने चुनाव में वादा किया है कि हम 30 लाख नौकरियां देंगे। सारे पदों को भर दिया जाएगा। लेकिन, नरेंद्र मोदी और भाजपा के मैनिफेस्टो में नौकरियों का जिक्र ही नहीं हैं। 2014 के चुनाव में मोदी ने हर साल 2 करोड़ लोगों को रोजगार देने की बात कही थी। उस हिसाब से आज तक 20 करोड़ लोगों को रोजगार मिल जाना था। सच ये है कि उन्होने 20 लाख लोगों को भी रोजगार नहीं दिया।
राधिका ने कहा कि छत्तीसगढ़ एक किसान बहुल इलाक़ा है, लेकिन भाजपा के मैनिफेस्टो में किसानों के लिए केवल जुमलेबाजी दिख रही है। उन्होने सांसद विजय बघेल पर प्रहार करते हुए कहा कि संसद में छत्तीसगढ़ के लिए विजय बघेल ने एक बार भी आवाज़ नहीं उठाई। किसी भी समस्या को नहीं उठाया। रेल कैंसिल होना, घंटों देर से रेल चलना आम बात है लेकिन ये मुद्दा भी उन्होंने बतौर सांसद एक बार भी संसद में नहीं उठाया।
राधिका ने कहा कि कांग्रेस प्रत्याशी राजेंद्र साहू एक कर्मठ और ज़मीनी कार्यकर्ता हैं। कांग्रेस ने एक कार्यकर्ता को टिकट दी है, जो पूरी निष्ठा से दुर्ग की सेवा करेंगे। पूरी उम्मीद है कि ऐसे कर्मठ और जनता के लिए संवेदनशील कांग्रेस प्रत्याशी राजेंद्र साहू को दुर्ग की जनता विजयी बनाएगी। प्रेस कांफ्रेंस में पूर्व विधायक अरूण वोरा, प्रतिमा चंद्राकर, प्रदेश प्रवक्ता नीता लोधी, आरएन वर्मा, ऋषभ चन्द्राकर, गया पटेल, धीरज बाकलीवाल, राजेश यादव, कमलकान्त शुक्ला, नासिर खोखर, सुशील भारद्वाज उपस्थित रहे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal

