Breaking News

भीषण गर्मी में रोज कई घंटे बिजली गुल होने से शहरवासी परेशान : बिजली बंद होने के कारण ओवरहेड टंकियां भरने में हो रही समस्याएं : समय पर नहीं खुल रहे नल

द सीजी न्यूज

दुर्ग। महापौर धीरज बाकलीवाल और निगम सभापति राजेश यादव ने रोज हो रही बिजली कटौती पर नाराजगी जताई है। बाकलीवाल और यादव ने संयुक्त बयान में कहा है कि छत्तीसगढ़ की भाजपा सरकार सरप्लस स्टेट में नियमित बिजली सप्लाई कर पाने में विफल रही है। उन्होंने कहा कि पिछले चार महीनों में यानी जनवरी से अप्रैल तक शहर में अक्सर बिजली कटौती हो रही है। कई घंटे तक बिजली बंद होने से नगर निगम की पानी सप्लाई भी बाधित हो रही है।

महापौर धीरज बाकलीवाल और सभापति राजेश यादव ने कहा है कि गर्मी के सीजन में 24 घंटे नियमित बिजली सप्लाई बेहद जरूरी है। राज्य में कांग्रेस सरकार पांच साल के कार्यकाल में कभी भी बिजली कटौती या अनियमित बिजली सप्लाई की नौबत नहीं आई। लेकिन नई सरकार बनते ही भीषण गर्मी के मौसम में कई घंटे तक बिजली गुल होना आम बात हो गई है। शहर के नागरिक बार-बार बिजली गुल से परेशान हो रहे हैं। नीट, जेईई जैसी परीक्षा की तैयारी कर रहे स्कूल, कॉलेज के स्टूडेंट्स भी बिजली गुल होने से त्रस्त हैं।

महापौर और निगम सभापति ने कहा कि गर्मी के सीजन में घंटो तक बिजली गुल होने से नगर निगम की पानी सप्लाई व्यवस्था पर बुरा असर पड़ रहा है। बिजली बंद होने से समय पर ओवरहेड टंकियां नहीं भर पा रही हैं। टंकियों को भरने में विलंब होने के कारण पूरे शहर में पानी सप्लाई देर से हो रही है। समय पर नल न खुलने के कारण शहरवासी परेशान हैं। नेताद्वय ने छत्तीसगढ़ की साय सरकार के साथ ही बिजली विभाग के अफसरों से अपील करते हुए कहा है कि जनहित का ध्यान रखते हुए बार-बार बिजली बंद होने की समस्या का तत्काल निराकरण करें ताकि शहरवासियों को बिजली बंद होने की समस्या से निजात मिल सके।

Check Also

रायपुर में 7-8 अक्टूबर को राज्य स्तरीय रोजगार मेला, 8 हजार से ज्यादा पदों पर होगी भर्ती

रायपुर के इंडोर स्टेडियम में लगेगा मेला, युवाओं को मुख्यमंत्री के हाथों मिलेंगे ऑफर लेटर …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!