द सीजी न्यूज
छत्तीसगढ़ राज्य की बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने बड़ा बयान देते हुए कहा है कि महतारी वंदन योजना के तहत अपात्र महिलाओं को भी पैसा मिल रहा है। इसकी समीक्षा की जाएगी। इधर, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि साय सरकार इस योजना को बंद करना चाहती है।
गौरतलब है कि प्रदेश सरकार ने विधानसभा चुनाव में महतारी वंदन योजना के तहत राज्य की शादीशुदा महिलाओं के लिए 1000 रुपये हर माह देने की घोषणा की थी। चुनाव जीतने के बाद यह योजना लागू की गई। योजना के माध्यम से महिलाओं को अब तक चार किस्त मिल चुकी है। लोकसभा चुनाव निपटने के बाद महिला और बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने अब कहा है कि कई अपात्र महिलाओं को भी योजना का पैसा मिल रहा है। इसकी शिकायतें सामने आ रही है। परीक्षण करना बेहद महत्वपूर्ण है। कई महिलाओं के खाते में राशि जमा न होने की शिकायत भी मिली है। बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि सही तरह से फार्म भरेंगे तो पात्र महिलाओं के खाते में पैसे आएंगे।
सरकार योजना को बंद करना चाहती है – डॉ. चरणदास महंत
महतारी वंदन योजना पर नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने कहा कि चुनाव निपटे चार दिन नहीं हुआ, इन्हें समीक्षा करने का विचार आ रहा है। महतारी वंदन योजना को सरकार बंद करना चाहती है। ऐसा करने से जो महिलाएं पैसे मिलने पर खुशी मना रही थीं। उन्हें अब दुख होने वाला है। जो राशि महिलाओं के खाते में डाली गई है, वे किस मद की है, ये भी देखना होगा।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal

