द सीजी न्यूज
दुर्ग/ आज शंकर नगर दुर्ग में सर्व कुर्मी समाज द्वारा कुर्मी कुलदेवी राजमाता जीजाबाई की पुण्यतिथि मनाई गई। शिवाजी महाराज को समाज संरक्षक और राष्ट्र गौरव बनाने वाली साहस की प्रतिमूर्ति राजमाता जीजाबाई की पुण्य तिथि के मौके पर दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर व समाजजनों ने श्रद्धासुमन अर्पित किया और उनके द्वारा किए गए कार्यों को याद किया।
विधायक ललित चंद्राकर ने राजमाता जीजाबाई के जीवन चरित्र पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हमारे कुर्मी समाज की कुल देवी राज माता जीजाबाई का सारा जीवन साहस और त्याग से परिपूर्ण रहा। मराठा सम्राट छत्रपति शिवाजी राजे भोसले की माता जीजाबाई का जन्म महाराष्ट्र के विदर्भ प्रांत में सिंदखेड़ नामक गाँव में हुआ। उनके पिता का नाम लखुजी जाधव और माता का नाम महालसाबाई था। वीर माता जीजाबाई छत्रपति शिवाजी की माता होने के साथ-साथ उनकी मित्र, मार्गदर्शक और प्रेरणास्त्रोत भी थीं। उनका सारा जीवन साहस और त्याग से भरा हुआ था।
ललित ने कहा कि उन्होंने जीवन भर कठिनाइयों और विपरीत परिस्थितियों को झेलते हुए भी धैर्य नहीं खोया और अपने पुत्र शिवा’ को ऐसे संस्कार दिए, जिनके कारण वे आगे चलकर हिंदू समाज के संरक्षक छत्रपति शिवाजी महाराज’ बने। जीजाबाई यादव असाधारण प्रतिभाशाली थी। जीजाबाई यादव वंश की थी और उनके पिता एक शक्तिशाली सामन्त थे। शिवाजी महाराज के चरित्र पर माता-पिता का बहुत प्रभाव पड़ा।शिवाजी महाराज के राज्याभिषेक के 12 दिन बाद रायगढ़ के पचड़ गांव में जीजा माता ने अंतिम सांस ली।
समाज के अध्यक्ष मिथलेश चंद्राकर ने बताया कि राजमाता जीजाबाई हमारे कुर्मी कुलदेवी है। हमारे समाज के लिए गौरव की बात है। सनातन कुल गौरव, कुशल प्रशासक, महान योद्धा छत्रपति शिवाजी महाराज जैसे योध्दा की जननी राजमाता जीजाबाई है। आज उनके पुण्यतिथि पर उन्हें शत-शत नमन। आने वाले दिनों में कुर्मी समाज द्वारा बड़े स्तर पर आयोजन किया जाएगा।
इस अवसर पर प्रमुख रूप से पूर्व महापौर आरएन वर्मा, शिव चंद्राकर, राजू लाल चंद्राकर, मिथलेश चंद्राकर, राजेन्द्र नायक, शेखर चंद्राकर, सतीश चंद्राकर, अनंत राम चंद्राकर, भरत चंद्राकर, अमन चंद्राकर, शरद चंद्राकर, लक्की वर्मा, धनंजय वर्मा, धरम वर्मा, कन्हैया चंद्राकर, दयाराम चंद्राकर, अरुण चंद्राकर सहित समाज के लोग उपस्थित रहे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
