- बकाएदारों के खिलाफ एक्शन में नगर निगम
द सीजी न्यूज
दुर्ग। बकाया टैक्स वसूली के लिए दुर्ग नगर निगम द्वारा चलाया जा रहा टैक्स वसूली अभियान अब तेज हो गया है। शहर के बड़े बकाएदारों से टैक्स की बकाया वसूली के लिए नोटिस जारी की जा रही है। बकाएदारों को जून में टैक्स का भुगतान कर छह प्रतिशत छूट का लाभ लेने प्रोत्साहित किया जा रहा है। इधर, नगर निगम ने निर्धारित लक्ष्य से कम राजस्व वसूली करने के कारण चार सहायक राजस्व निरीक्षकों संजय सोनकर, लव कुश शर्मा, रूपेश नायक और बद्रीनाथ भीमगज को नोटिस जारी कर दिया है।
वित्तीय वर्ष में राजस्व वसूली का कार्य दुर्ग नगर निगम स्वयं कर रही है। निगम आयुक्त लोकेश चन्द्राकर ने निगम के उप राजस्व निरीक्षकों और सहायक राजस्व निरीक्षकों की बैठक ली थी। उन्होंने प्रतिदिन वसूली का टार्गेट तय कर सभी बकायादारों के घर-घर जाकर राजस्व वसूली करने निर्देशित किया था।
राजस्व निरीक्षकों के साथ घूम-घूमकर ऐसे बड़े बकायादारों के खिलाफ सख्ती से कार्रवाही की जा रही है। निगम मुख्यालय व वार्ड जोन कार्यालय के संपत्तिकर काउंटर अवकाश दिनों में आधे दिन खुले रखने के निर्देश आयुक्त लोकेश चन्द्राकर ने राजस्व विभाग को दिए हैं।नागरिक अवकाश अवधि में भी निर्धारित स्थान पर उपस्थित होकर निगम के देय करो का भुगतान कर सकते हैं।
होंडा शो रूम के संचालक द्वारा 2.5 लाख रुपये का बकाया टैक्स भुगतान करने एक दिन की मोहलत मांगी गई है। अप्सरा टॉकीज के मैनेजर को जल्द से जल्द टैक्स भुगतान करने के लिए नोटिस जारी करते हुए 15 दिन का समय दिया गया है। इस अवधि में 35 लाख का बकाया टैक्स जमा न करने पर नगर निगम द्वारा तालाबंदी की कार्रवाई की जाएगी। सत्यम बेकरी के संचालक द्वारा जल्द टैक्स की राशि जमा करने की बात कही गई है। अन्य दुकानदारों द्वारा बकाया राशि 7 दिनों के भीतर भुगतान करने का वादा किया गया है। सराफा लाइन के करदाताओं से भी टैक्स जमा करने संपर्क किया गया है।
आज 19 जून को कुल 7,45,139 रुपए टैक्स वसूल किया गया। जून माह के 19 दिनों में कुल 65,88,095 रुपए टैक्स वसूल किया गया है। राजस्व अधिकारी दुर्गेश गुप्ता ने बताया कि निगम का अभियान निरंतर जारी रहेगा। राजस्व वसूली में तेजी लाने सहायक राजस्व निरीक्षकों पर भी शिकंजा कसा जा रहा है।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
