द सीजी न्यूज
दुर्ग/ कलेक्टर ऋचा प्रकाश चौधरी की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट कार्यालय के सभाकक्ष में जिला स्तरीय आधार निगरानी समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर ने समिति के अधिकारी-कर्मचारियों से आयुष्मान व आधार अपडेशन संबंधित आकड़ों की जानकारी ली। शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए आयुष्मान, आधार कार्ड और ई-केवायसी शासन ने अनिवार्य कर दिया है। कलेक्टर ने जिले के 74 स्थानों पर जिले के बच्चों सहित शत-प्रतिशत व्यक्तियों के आधार कार्ड बनाने, आधार अपडेशन का कार्य अभियान के रूप में शुरू करने कहा।
नगर निगम दुर्ग अंतर्गत 12, जनपद पंचायत दुर्ग अंतर्गत 7, जनपद पंचायत धमधा अंतर्गत 12, जनपद पंचायत पाटन अंतर्गत 14, नगर निगम भिलाई अंतर्गत 13, नगर निगम रिसाली अंतर्गत 2, नगर निगम चरोदा अंतर्गत 3, नगर पालिका कुमारी अंतर्गत 3, नगर पालिका अहिवारा अंतर्गत 1, नगर पालिका जामुल अंतर्गत 2, नगर पंचायत धमधा अंतर्गत 2, नगर पंचायत पाटन, उतई और अम्लेश्वर अंतर्गत 1-1 आधार अपडेशन केन्द्र निर्धारित किये गए है।
कलेक्टर ऋचा प्रकाश चौधरी ने 10 साल पहले बने सभी आधार कार्ड को प्राथमिकता से अपडेट करने के निर्देश दिये। उन्होंने जनसमस्या निवारण शिविरों में आयुष्मान आधार कार्ड अपडेशन व आधार कार्ड बनाने का कार्य करने के लिए संबंधित अधिकारियों और अधिकृत ऑपरेटरों को निर्देशित किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को शिविरों में किये जाने वाले आधार अपडेशन कार्य की निरंतर निगरानी हेतु समय-समय पर लगातार निरीक्षण करने कहा।
बैठक में एडीएम अरविंद एक्का, भिलाई नगर निगम आयुक्त देवेश ध्रुव, सहायक कलेक्टर एम. भार्गव, सीईओ जिला पंचायत अश्विनी देवांगन, अपर कलेक्टर बजरंग दुबे, संयुक्त कलेक्टर हरवंश मिरी, समस्त अनुविभागीय अधिकारी, तहसीलदार, आधार निगरानी समिति के सभी सदस्य एवं संबंधित विभागों के अधिकारीगण उपस्थित थे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
