Breaking News

सभी अधिकारी फील्ड में जाकर शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन का करें निरीक्षण – कलेक्टर

  • शाला प्रवेशोत्सव प्रारंभ, स्कूल, आश्रम-छात्रावास का निरीक्षण करने के दिए निर्देश
  • पोट्ठ लईका अभियान, जल संरक्षण, पौधरोपण, फसल परिवर्तन के संबंध में लोगों को जागरूक करने कहा
  • 3 जुलाई को जिले में सघन पौधरोपण
  • डायरिया बीमारी से बचाव के लिए 1 से 31 जुलाई तक पखवाड़ा

द सीजी न्यूज

राजनांदगांव। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने कहा कि शाला प्रवेशोत्सव 26 जून से प्रारंभ हो रहे हैं। शाला प्रवेशोत्सव को ध्यान में रखते हुए सभी अधिकारी स्कूल, आश्रम-छात्रावास का निरीक्षण करें। उन्होंने शिक्षा का अधिकार, गणवेश, पाठ्यपुस्तक के संबंध में जानकारी ली और स्कूलों में न्योता भोजन प्रारंभ करने कहा। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी फिल्ड में जाकर गंभीर कुपोषित बच्चों के लिए चलाए जा रहे पोट्ठ लईका अभियान, जल संरक्षण, पौधरोपण, फसल परिवर्तन के संबंध में लोगों को जागरूक करें और शासन की विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन के संबंध में निरीक्षण करें।

कलेक्टर संजय अग्रवाल ने कहा कि विभागीय अधिकारी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, आंगनबाड़ी केन्द्र, स्कूल सहित अन्य संस्थानों का भी निरीक्षण करें। विकासखंड स्तर पर शिविर के आयोजन के साथ ही राजस्व शिविर भी आयोजित किये जाएं। शिविर में आय-जाति-निवास प्रमाण पत्र, नामांकन, सीमांकन, बटवारा के प्रकरणों का निराकरण करने के लिए कहा। जिन क्षेत्रों में राजस्व शिविर लगाए जाएंगे, वहां पहले से ही ग्रामवासियों को सूचना देने के लिए मुनादी कराने कहा।

कलेक्टर ने कहा कि 3 जुलाई को जिले में सघन पौधरोपण किया जाएगा। इसके लिए सभी विभागों को आवश्यक तैयारी करने के निर्देश दिए। पौधरोपण के लिए प्रत्येक घर का जुड़ाव होना चाहिए और जनसहभागिता से यह महत्वपूर्ण कार्य किया जाना है। फलदार व छायादार पौधे व्यापक पैमाने पर लगाए जाएं। वन, कृषि, उद्यानिकी विभाग नर्सरी से मांग के अनुरूप संस्थानों को पौधे उपलब्ध कराएंगे। कटहल, अमरूद, नींबू, आम, इमली जैसे फलदार पौधों के साथ मुनगा एवं छायादार पौधे लगाना है।

कलेक्टर संजय अग्रवाल ने कहा कि अधिकारियों को एक जुलाई से लागू हो रहे तीन नये कानून भारतीय न्याय संहिता 2023, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023, भारतीय साक्ष्य अधिनियम 2023 की जानकारी होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता दीदीयों द्वारा डोर टू डोर कचरा संग्रहण एवं कचरा प्रबंधन, प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट के कार्य जारी रहना चाहिए। सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट के लिए कार्य करने की आवश्यकता है। लोहा, कांच, पेपर, बायोवेस्ट मटेरियल से स्वच्छता दीदीयों को आय होती है। डीएमएफ अंतर्गत स्वच्छता दीदीयों के लिए गोदाम का निर्माण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समूह की महिलाओं की आय बढ़ाने की जरूरत है। इसके लिए एक स्थायी व्यवस्था होनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि स्वच्छता के कार्य पर ध्यान केन्द्रित करते हुए कार्य करने की आवश्यकता है। कलेक्टर ने कहा कि जिले में खाद-बीज की कमी नहीं होना चाहिए। विगत वर्ष की तुलना में इस वर्ष खाद-बीज का उठाव किसानों ने अधिक मात्रा में किया है। किसानों के पास गुणवत्तापूर्ण खाद और बीज होना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना अंतर्गत आधार सिडिंग के लिए ई-केवाईसी शेष रह गए है, 1867 लंबित प्रकरणों को अभियान चलाकर पूरा करने की आवश्यकता है। किसानों को शासन की योजना का लाभ अधिक से अधिक मिलना चाहिए।

कलेक्टर संजय अग्रवाल ने कहा कि लोक सेवा केन्द्र में लोक सेवा गारंटी योजना के तहत इस बात पर ध्यान देने की आवश्यकता है कि लोगों को समय पर आय-जाति-निवास प्रमाण पत्र और नक्शे प्राप्त हो जाएं। उन्होंने कहा कि 5 डिसमिल से ज्यादा भूमि होने पर नक्शों का बटांकन करना है। राजस्व निरीक्षक ग्रामवार इसके लिए मानिटरिंग करें। श्रम विभाग अंतर्गत शासन की योजनाओं का लाभ मनरेगा के मजदूरों को दिलाने के लिए निर्देशित किया।

कलेक्टर ने कहा कि मोबाईल एप के माध्यम से भी मजदूर अपना पंजीयन कर सकते हैं। श्रम विभाग योजना अंतर्गत भगिनी प्रसूता योजना अंतर्गत महिला श्रमिकों के लिए और विशेष कोचिंग सुविधा अंतर्गत श्रमिकों के बच्चों के शिक्षा के लिए प्रावधान किए गए हैं। उनको इसका अधिक से अधिक लाभ मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि नगर निगम, सीएमओ, पशुपालन विभाग बारिश को ध्यान में रखते हुए यह सुनिश्चित करें कि पशु सड़क पर न बैठे, इसके लिए वैकल्पिक व्यवस्था करें और पशु मालिक पर जुर्माना लगाने की कार्रवाई करें।

सड़क दुर्घटना को ध्यान में रखते हुए इस पर विशेष ध्यान देते हुए कार्य करने की आवश्यकता है। उन्होंने डीएमएफ अंतर्गत लोकहित में अच्छे प्रस्ताव भेजने के लिए कहा। कलेक्टर ने कहा कि सांकरदाहरा को पर्यटन केन्द्र के रूप में विकसित किया जाना है। वहीं जिले में एक कला केन्द्र की स्थापना करना है। उन्होंने एजुकेशन हब, बूढ़ासागर और रानी सागर की साफ सफाई, पीडीएस दुकानों के संबंध में जानकारी ली।

कलेक्टर ने कहा कि 1 से 31 जुलाई तक डायरिया बीमारी से बचाव के लिए पखवाड़े का आयोजन किया जाएगा। स्कूलों, पंचायतों, आंगनबाड़ी केन्द्रों में बच्चों को हैण्डवाश करना सिखाना है। उन्होंने डायरिया की बीमारी से सुरक्षा के लिए ओआरएस घोल व जिंक टेबलेट रखने के लिए निर्देशित किया। प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत एक सुव्यवस्थित कालोनी का निर्माण करने के लिए कहा।

वनमंडलाधिकारी आयुष जैने से पौधरोपण के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पौधरोपण करते समय पौधों में उपजाऊ मिट्टी, गोबर खाद एवं अन्य पोषकतत्व करना चाहिए और पौधा लगाने के तरीके के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने वन विभाग द्वारा संचालित संजीवनी में उपलब्ध विभिन्न हर्बल उत्पादों के संबंध में भी बताया। जिला पंचायत सीईओ सुरूचि सिंह ने कहा कि जल शक्ति अभियान अंतर्गत कृषि, उद्यानिकी, कृषि विज्ञान केन्द्र व लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को जल संरक्षण के लिए किए जा रहे कार्यों की जानकारी ऑनलाईन अपडेट करना है।

प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत व्यवस्थित कालोनी निर्माण के लिए सभी को कार्य करना है। जिसमें गार्डन, पानी की निकासी एवं अन्य व्यवस्था होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि स्वप्रेरित होकर भी सभी पौधरोपण करें। उन्होंने सॉलिड एवं लिक्विड वेस्ट मैनेजमेंट तथा प्लास्टिक संग्रहण के संबंध में जानकारी दी। इस अवसर पर अपर कलेक्टर इंदिरा नवीन प्रताप सिंह तोमर, नगर निगम आयुक्त अभिषेक गुप्ता, संयुक्त कलेक्टर खेमलाल वर्मा, एसडीएम राजनांदगांव अतुल विश्वकर्मा, एसडीएम डोंगरगांव मनोज मरकाम, एसडीएम डोंगरगढ़ उमेश पटेल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

Check Also

विधायक देवेंद्र के नेतृत्व में हजारों भिलाइयंस ने निकाली भिलाई बचाओ पदयात्रा

1000 कदम चलकर बीएसपी प्रबंधन के फैसले पर जताया विरोध भिलाई/ भिलाई बचाओ आंदोलन के …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!