- पांच घंटे तक आम लोगों से मिलकर सुनी समस्याएं
द सीजी न्यूज
रायपुर। राज्य की जनता को स्वच्छ, पारदर्शी, संवेदनशील और प्रभावी प्रशासन मुहैया कराने का मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का संकल्प एक-एक कर अमल में दिखाई देने लगा है। सत्ता की बागड़ोर सम्भालने के बाद से ही शासन-प्रशासन को जनता के करीब लाने की मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की इच्छा आज जनदर्शन में पूरी होती दिखी। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राज्य में जनसमस्याओं की सुनवाई के लिए नये सिरे से जनदर्शन कार्यक्रम की शुरूआत की है। जनदर्शन का यह कार्यक्रम मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में 27 जून गुरूवार को आयोजित हुआ।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जनदर्शन कार्यक्रम में प्रदेश के दूर-दराज से आए हजारों लोगों से एक-एक कर मुलाकात की। अपनत्व भाव से उन्होंने आम जनमानस की समस्याएं और उनकी अपेक्षाएं सुनी और विभागीय अधिकारियों को प्राप्त शिकायतों व आवेदनों को तत्परता से निपटाने के निर्देश दिए।

आज 27 जून को मुख्यमंत्री जनदर्शन का पहला कार्यक्रम हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में लोग अपने आवेदनों और समस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से मिलने रायपुर स्थित उनके कार्यालय पहुंचे। जनदर्शन का समय पूर्वान्ह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक निर्धारित था, परन्तु कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनसामान्य की मौजूदगी को देखते हुए मुख्यमंत्री ने न सिर्फ जनदर्शन कार्यक्रम की निर्धारित समयावधि को बढ़ाया, बल्कि स्वयं कार्यक्रम में यह बात कही कि लोगों को परेशान होने की जरूरत नहीं है। यहां आए प्रत्येक व्यक्ति से मिलेंगे और उनकी समस्याओं और अपेक्षाओं को सुनेंगे। मुख्यमंत्री जनदर्शन का यह कार्यक्रम पूर्वान्ह 11 बजे से अपरान्ह 4 बजे तक अनवरत पांच घंटे चला। मुख्यमंत्री साय ने इस दौरान सभी आयु वर्ग के लोगों से एक-एक कर उनकी समस्याएं सुनी।
मुख्यमंत्री का लोगों के प्रति अपनेपन का भाव और संवेदनशीलता ने जनमानस की शासन-प्रशासन से दूरी को मिटा दिया है। जनदर्शन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री एक ओर जहां विभिन्न बीमारियों से पीड़ित लोगों के समुचित इलाज और मदद के लिए अधिकारियों को निर्देश देते दिखे, वहीं दिव्यांग और निशक्तजनों के बीच पहुंचकर न सिर्फ उनकी समस्याएं सुनी, बल्कि उन्हें आवश्यक उपकरण, ट्राईसायकल आदि की सौगातें दी। मुख्यमंत्री इस दौरान उच्च शिक्षा व प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए इच्छुक युवाओं के लिए भी आवश्यक प्रबंध करने के लिए तत्परता से अधिकारियों को निर्देशित करते दिखे।
जनदर्शन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री से मुलाकात कर उन्हें अपनी समस्याएं बताने को लेकर लोग काफी उत्साहित थे। भारी उमस और गर्मी के बावजूद भी जनदर्शन स्थल लोगों से खचाखच भरा था। मुख्यमंत्री से मिलकर अपनी समस्याओं की जानकारी देने के लिए लोग अपनी बारी का इंतजार करते दिखे। मुख्यमंत्री को आवेदन देने के बाद लोगों के मन में संतोष और चेहरे पर संतुष्टि का भाव देखने को मिला। जनदर्शन कार्यक्रम में डेढ़ हजार से अधिक लोगों ने मिलकर अपनी समस्याओं और अपेक्षाओं के संबंध में आवेदन दिया, जिसमें ज्यादातर आवेदन राजस्व, नगरीय निकाय, स्वास्थ्य, शिक्षा, निर्माण कार्य एवं स्वेच्छानुदान से संबंधित थे। जनदर्शन में मिले सभी आवेदनों को पंजीबद्ध किया गया है और आवेदन देने वाले लोगों को टोकन भी दिया गया है।
मुख्यमंत्री ने ब्रेन सर्जरी के लिए तत्काल स्वीकृत किए डेढ़ लाख रुपए
जनदर्शन कार्यक्रम में दिव्यांगों को श्रवण यंत्र, ट्राईसायकल, सर्टिफिकेट एवं अन्य आवश्यक मदद मौके पर ही मुहैया कराई गई। बीमारी से पीड़ित लोगों के त्वरित इलाज का भी प्रबंध किया गया। धमतरी निवासी अमित सोनी के ब्रेन सर्जरी के लिए मुख्यमंत्री ने डेढ़ लाख रुपए की मंजूरी देने के साथ ही वर्षा चांदवानी के इलाज के लिए 50 हजार रुपए की आर्थिक सहायता स्वीकृत की।
किसी को व्हीलचेयर, किसी को मोटराइज्ड ट्रायसायकल तो किसी को मिला कृत्रिम पैर

जनदर्शन कार्यक्रम में तहसील लोरमी, जिला मुंगेली निवासी दिव्यांग अजय सिंह राजपूत ने मुख्यमंत्री को अपनी समस्या बताते हुए कहा कि मेरा एक पैर कट जाने के कारण कृत्रिम पैर लगाया गया था, जो अब खराब हो गया है। मुझे एक नया कृत्रिम पैर की जरूरत है। मुख्यमंत्री द्वारा उनकी समस्या का तत्काल समाधान किया गया, उनके निर्देश पर दिव्यांग अजय सिंह राजपूत के पैर का माप लिया गया। कृत्रिम पैर बनने के बाद उन्हें कृत्रिम पैर प्रदान किया जाएगा।

जनदर्शन कार्यक्रम में पहुंचे रायपुर शैलेन्द्र नगर निवासी कु. केसर चंदवानी के अभिभावक ने बताया कि उनकी पुत्री कु. केसर चंदवानी ( 11 वर्ष) गंभीर बीमारी से पीड़ित है। परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है। इलाज के लिए आर्थिक मदद की गुहार लगाने के साथ ही निःशक्त पुत्री के लिए व्हीलचेयर की जरूरत बताने पर मुख्यमंत्री ने केसर चंदवानी के लिए तत्काल व्हीलचेयर प्रदान किया। बाद में उन्हें मोटराईज्ड व्हीलचेयर प्रदान किया जाएगा।
जनदर्शन कार्यक्रम में बेमेतरा जिले से पहुंचे रोहित मारकंडे, आरंग के ग्राम जावा से आए बलराम वर्मा को मोटराइज्ड ट्रायसायकल और साजा निवासी बलराम को बैटरी चलित ट्रायसाइकल प्रदान किया गया। रामसागर पारा निवासी 67 वर्षीय देवानंद साहू को श्रवण यंत्र की जरूरत थी, मुख्यमंत्री साय ने अपने हाथों से विश्वनाथ कुमार व दो अन्य दिव्यांग को भी श्रवण यंत्र प्रदान किए।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
