द सीजी न्यूज
दुर्ग/ कलेक्टर ऋचा प्रकाश चौधरी ने आज जनदर्शन में लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना और समुचित समाधान व निराकरण करने संबंधित विभागों को शीघ्र कार्यवाही करने कहा। जनदर्शन में आज 171 आवेदन प्राप्त हुए। खुर्सीपार निवासी खिलाड़ी ने वर्ल्ड पैरा आर्म रेसलिंग चैम्पियनशिप में भाग लेने फंड की मांग की। चैम्पियनशिप का आयोजन यूरोप में अगस्त माह में होगा। महाराष्ट्र व मथुरा में आयोजित नेशनल एंड पैरा आर्म रेसलिंग चैम्पियनशिप में भी गोल्ड मैडल प्राप्त कर चुकी है।


ग्राम कौही निवासी आवेदिका ने शारीरिक एवं मंद बुद्धि के चलते पेंशन राशि हेतु आवेदन दिया। अपने पिता के साथ पहुंची आवेदिका के पिता ने बताया कि पेंशन राशि के लिए ग्राम पंचायत कौही में आवेदन दिया गया था, किंतु आज तक इसका लाभ नहीं मिला है। दोनों ही प्रकरणों में कलेक्टर ने समाज कल्याण विभाग को नियमानुसार कार्यवाही करने कहा।
ग्राम निपानी मंडी के धान खरीदी केन्द्र सेवा सहकारी समिति मर्यादित उपार्जन केन्द्र में हमाली का कार्य करने वाले हमालों ने आवेदन देकर बताया कि सभी मजदूर आपसी सलाह से किसी एक के खाते में मजदूरी का पैसा ट्रांसफर होने के बाद अपने-अपने हिस्से के बंटवारा करते हैं। मेहनताना की पहली किश्त प्राप्त होने पर सभी ने अपने-अपने हिस्से का बंटवारा किया, किंतु दूसरी किश्त आने पर पैसे मांगे जाने पर पैसा न देने की बात करने लगे, जिससे सभी मजदूर बहुत परेशान और दुखी हैं। कलेक्टर ने जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक को तत्काल परीक्षण कर आवश्यक कार्यवाही करने कहा।
ग्राम परसदा निवासियों ने स्पीड ब्रेकर बनवाने के लिए आवेदन दिया। उन्होंने बताया कि रोड के किनारे स्कूल संचालित होने के कारण बच्चों का आना जाना लगा रहता है। गति अवरोधक नही होने की वजह से दुर्घटना घटने की संभावना बनी रहती है। इस पर कलेक्टर ने संबंधित विभाग को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal

