- जनसमस्या निवारण शिविर में प्राप्त शिकायतों का हो सकारात्मक निराकरण
- विभागों द्वारा अधिग्रहित शासकीय जमीन अपने नाम कराये विभाग
- वृक्षारोपण हेतु निर्धारित लक्ष्य पूर्ण करायें विभाग
- कलेक्टर ने की समय-सीमा प्रकरणों की समीक्षा
द सीजी न्यूज
दुर्ग / कलेक्टर ऋचा प्रकाश चौधरी ने सड़कों पर विचरण करने वाले पशुओं के कारण दुर्घटनाओं की संभावना को ध्यान में रखते हुए मुख्य सड़कों से पशुओं को हटाने संबंधी गतिविधियां निकायों में सतत जारी रखने के निर्देश दिये हैं। उन्होंने कहा कि विभागीय अधिकारी क्षेत्र भ्रमण के दौरान मुख्य सड़कों में पशुओं की जमावड़ा होने पर संबंधित निकायों के अधिकारी को सूचित करें। संबंधित नगर निगम कमिश्नर, एसडीएम, जनपद सीईओ और सीएमओ मुख्य सड़कों से पशुओं को हटाने की कार्रवाई करें। ऐसे पशुओं को गौशालाओं व कांजी हाऊस में रखने की व्यवस्था होनी चाहिए।
पशुओं के लिए जनसहयोग से चारे-पानी की व्यवस्था भी होनी चाहिए। उन्होंने पशुचिकित्सा विभाग के अधिकारियों को गौशाला और कांजी हाऊस का नियमित भ्रमण कर पशुओं के लिए चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने कहा। पशु चिकित्सा विभाग द्वारा पशुओं की गले में पहनाई गई रेडियम बेल्ट को निकालने वाले पशुपालकों पर कार्रवाई करने नगरीय निकायों के अधिकारियों को निर्देशित किया।
कलेक्टर ने अधिकारियों की बैठक में विभागवार समय-सीमा प्रकरणों की समीक्षा की। मुख्यमंत्री जनदर्शन, पीजीएन और कलेक्टर जनदर्शन व सार्थ-ई एप के लंबित प्रकरणों को प्राथमिकता के साथ निराकृत करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि जनसमस्या निवारण शिविर के दौरान प्राप्त शिकायतों का सकारात्मक निराकरण हो। गंभीर शिकायतों पर टीम गठित कर निराकरण की कार्यवाही सुनिश्चित किया जाए। शहरी क्षेत्रों में सफाई, बिजली, पानी की व्यवस्था संबंधी शिकायतें शीघ्र निराकृत करने कहा।
उन्होंने अधिकारियों को स्वच्छ सर्वेक्षण और डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन पर विशेष फोकस करने कहा। कलेक्टर ने मानसून के दौरान विभागों द्वारा रोपित पौधे की जानकारी ली और विभागों को निर्धारित लक्ष्य के मुताबित पौधरोपण का कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिये। उन्होंने विभागों द्वारा अधिग्रहित व उपयोग में लायी जा रही शासकीय जमीन का विभाग के नाम पर रजिस्ट्री करा लेने कहा।
बैठक में एडीएम अरविन्द एक्का, नगर निगम भिलाई के आयुक्त देवेश ध्रुव, सहायक कलेक्टर एम. भार्गव, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अश्वनी देवांगन, नगर निगम रिसाली के आयुक्त मोनिका वर्मा, नगर निगम भिलाई चरोदा के आयुक्त दशरथ राजपूत, संयुक्त कलेक्टर हरवंश सिंह मिरी व विजेन्द्र सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी अरविन्द मिश्रा, महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी अजय शर्मा, सभी अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, सभी जनपद सीईओ सहित समस्त विभाग के जिला प्रमुख अधिकारी उपस्थित थे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
