- कलेक्टर ऋचा प्रकाश चौधरी ने लैब में प्रादर्शों का अवलोकन कर विद्यार्थियों को किया प्रोत्साहित
- अटल टिकरिंग लैब के नोडल शिक्षकों का दो दिवसीय कार्यशाला का आयोजन
द सीजी न्यूज
दुर्ग / कलेक्टर ऋचा प्रकाश चौधरी ने आज शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय वैशालीनगर में अटल टिकरिंग लैब के नोडल शिक्षकों की दो दिवसीय कार्यशाला का शुभारंभ किया। इस मौके पर कलेक्टर ने कहा कि अटल टिकरिंग लैब कक्षा छठवीं से बारहवीं तक विद्यार्थियों के लिए खोज और अविष्कार का प्लेटफार्म उपलब्ध कराने के साथ-साथ बच्चों में रचनात्मक और आलोचनात्मक सोच विकसित करता है। प्रशिक्षण के जरिये शिक्षक विद्यार्थियों को लैब का अधिकतम लाभ दे सकते हैं।
उन्होंने आगे कहा कि वर्तमान युग डिजिटल युग हैं, इसमें आने वाले पीढ़ी को कम्प्यूटर कोडिंग की भाषा जानना बहुत आवश्यक है। भविष्य में बच्चों को लैब के माध्यम से कोडिंग प्रशिक्षण दिये जाने की योजना है। कलेक्टर ने अटल टिकरिंग लैब में विद्यार्थियों द्वारा तैयार किये गये प्रादर्शों का अवलोकन कर उन्हें प्रोत्साहित किया।
कलेक्टर ऋचा प्रकाश चौधरी की पहल पर जिले में पहली बार समस्त शासकीय विद्यालयों में संचालित अटल टिकरिंग लैब के नोडल शिक्षकों की दो दिवसीय कार्यशाला का आयोजन शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय वैशाली नगर में किया जा रहा है। समग्र शिक्षा, जिला प्रशासन व यूनिसेफ के तकनीकी सहयोग से जिले के सभी अटल टिकरिंग लैब के सुदृढ़ीकरण व बालिकाओं के लिए कोडिंग कार्यक्रम का शुभारंभ जिले में किया जा रहा है। जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों में रचनात्मक विचार, समस्या को चिन्हित करने, कम्प्यूटर व डिजिटल की ओर समक्ष बनाना है।
कार्यशाला में जिले के 20 नोडल शिक्षक सम्मिलित हुए है। कार्यशाला में यूनीसेफ की शिक्षा विशेषज्ञ छाया कवंर व समन्वयक रंजू द्वारा लेट्स कोड प्रोग्राम फॉर गर्ल्स के पोस्टर का विमोचन किया गया। इस अवसर पर सहायक संचालक अमित घोष व समग्र शिक्षा के सहायक जिला परियोजना अधिकारी जे. मनोहरण, विद्यालय की प्राचार्या संगीता बघेल वैशाली नगर की पार्षद स्मृता दौड़के व विधायक प्रतिनिधि नमिता हाण्डा और विद्यालय के शिक्षकगण, विद्यार्थी उपस्थित थे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
