Breaking News

आईटी पार्क और बीसीसीआई क्रिकेट स्टेडियम से मिलेगी शहर को नई पहचान : दुर्ग के विकास में जड़ेंगे चमकते सितारे : गजेंद्र यादव

  • शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने गिनाई दो साल के कार्यकाल की उपलब्धियां

द सीजी न्यूज

शिक्षा मंत्री  व दुर्ग शहर के विधायक गजेंद्र यादव ने आज दो साल के विधायक कार्यकाल की उपलब्धियां बताते हुए कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में दुर्ग शहर में खेल, शिक्षा, स्वास्थ्य सहित नगर विकास को लेकर करोड़ों की राशि स्वीकृत की गई है। प्रेस कांफ्रेंस में गजेंद्र ने कहा कि दुर्ग में विकास का चमकता सितारा जड़ने आईटी पार्क, बीसीसीआई क्रिकेट मैदान विकसित करने की बड़ी योजनाएं मंजूर हो चुकी है और अब इन योजानाओं का काम भी शुरू हो गया है। 

एक सवाल के जवाब में गजेंद्र ने शहर में क्राइम रेट बढ़ने और सूखे नशे के कारोबार पर चिंता जताते हुए कहा कि पुलिस इस मामले में सजगता से काम कर रही है। इस समस्या का निराकरण करने वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में लगातार कार्रवाई की जा रही है। जल्द ही सूखे नशे के व्यापार पर प्रभावी तरीके से अंकुश लगा लिया जाएगा। प्रेस कांफ्रेंस में जिला भाजपा अध्यक्ष सुरेंद्र कौशिक, निगम सभापति श्याम शर्मा, जिला भाजपा उपाध्यक्ष शिवेंद्र परिहार, एमआईसी मेंबर देव नारायण चंद्राकर, कांशी राम कोसरे, लीलाधर पॉल, खालिक रिजवी, कुलेश्वर साहू सहित अन्य भाजपा नेता मौजूद रहे।   

गजेंद्र ने कहा कि दो साल के कार्यकाल में दुर्ग शहर का चौमुखी विकास किया गया है। खेल की दिशा में बैडमिंटन कोर्ट का लोकार्पण हो चुका है। स्विमिंग पुल और उरला स्टेडियम निर्माण अंतिम चरण में है। 20 से अधिक स्थान पर सार्वजनिक मंच में डोम शेड, शासकीय स्कूलो में संधारण, किसान भवन, शादी ब्याह जैसे बड़े आयोजन के लिए कई वार्ड में करोड़ों की लागत से सामुदायिक भवन निर्माण जारी है। आवागमन को बेहतर बनाने दुर्ग निगम क्षेत्र के लगभग सभी वार्ड में सड़क सीमेंटीकरण, पानी निकासी व्यवस्था बेहतर बनाने नाली निर्माण जारी है। मूलभूत आवश्यकताओं की पूर्ति के साथ ही कला, संगीत और धार्मिक- सांस्कृतिक धरोहर के संवर्धन के साथ ही शहर के आस्था के प्रतीक मां चण्डी मंदिर और बैगापारा शीतला मंदिर की भव्यता को बढ़ाने विकास कार्य की नींव रखी गई है।

गजेंद्र ने कहा कि दुर्ग को विकसित बनाने की दिशा में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने लगातार विकास कार्यों की सौगात दी है। 1100 से अधिक बिजली पोल और 6 स्थानों पर हाई मास्क लाईट लगाई गई है। रात्रि में सुरक्षित आवागमन हेतु बिजली पोल में लाइट्स लगाने विधायक निधि से 1 करोड़ 16 लाख की स्वीकृति दी गई। नए बसाहट वाले कॉलोनी में 1400 से अधिक बिजली पोल सह लाइन विस्तार कार्य जारी है। विद्युत लोड को बढ़ाने 20 नए ट्रांसर्फामर स्थापित किये गए हैं। 36 लाख की लागत से शहर के 6 स्थानों पर हाई मास्क लाइट और 10 स्थान पर सोलर हाई मास्ट लगाया जा रहा है।

दुर्ग को आई टी हब बनाने की दिशा में ठोस कदम 
गजेंद्र ने कहा कि आईटी के क्षेत्र में दुर्ग में एक नए युग की शुरुआत हो गई है। आईआईटी भिलाई और छत्तीसगढ़ सरकार के मध्य आईटी पार्क स्थापना हेतु एमओयू किया गया है। आईटी पार्क का निर्माण स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और स्टार्टअप के नए अवसर सृजित करेगा। बहुत जल्द सिंगापुर सहित विश्व की आईटी कंपनियां दुर्ग में काम करेंगी। रोजगार की दिशा में युवाओं का बड़ा सपना दुर्ग में पूरा होगा।
सड़क का चौड़ीकरण
दुर्ग विधानसभा क्षेत्र के कई सड़कों का चौड़ीकरण करने शासन से करोड़ों रुपए की स्वीकृति मिली है। शहर में बढ़ते ट्रैफिक दबाव और सड़क दुर्घटना को नियंत्रित करने और आवागमन को सुरक्षित बनाने चंडी मंदिर रोड निर्माण व चौड़ीकरण, जेल तिराहा से मिनी माता चौक पुलगांव तक फोरलेन, महाराजा चौक से बोरसी चौक तक फोरलेन, राजेन्द्र पार्क चौक से शहीद चौक होते हुए आईएमए चौक तक फोरलेन, साईंस कॉलेज जीई रोड से स्टेशन रोड निर्माण कार्य, स्टेशन रोड से शहीद चौक तक फोरलेन निर्माण हेतु  कुल 1 अरब 5 करोड़ 76 लाख की स्वीकृति शासन से मिल चुकी है।
खेल का हब बनेगा दुर्ग 
दुर्ग में खेल को बढ़ावा देने रविशंकर स्टेडियम के पास 1 करोड़ 44 लाख 68 हजार की लागत से शहर का पहला आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित इंडोर बैडमिंटन का लोकार्पण किया गया। इसके अलावा 1 करोड़ 48 लाख 68 हजार की लागत से स्वीमिंग पुल का निर्माण अंतिम चरण पर है। उरला में 198.39 लाख की लागत से स्टेडियम का निर्माण किया जा रहा है। यहां बीसीसीआई द्वारा विशाल स्टेडियम का निर्माण किया जाएगा। इसके बाद दुर्ग में इंटरनेशनल क्रिकेट मैच होने लगेंगे।
चंडी मंदिर व शीतला मंदिर में बनेंगे भव्य मंडपम 
शहर के सांस्कृतिक धरोहर के संवर्धन हेतु दुर्ग के आस्था का प्रतीक चंडी मंदिर और बैगापारा स्थित शीतला मंदिर प्रांगण को 1 करोड़ 20 लाख की लागत से भव्य बनाने नींव रखी गई है। इसके अलावा बैगापारा स्थित अखाड़ा के संर्वधन हेतु कार्य किया जाना है।
सामुदायिक भवन, मंच और डोमशेड 
शहर के नागरिकों को सुख दुख और शादी ब्याह जैसे आयोजन के लिए विभिन्न स्थान पर सामुदायिक भवन निर्माण जारी है। दुर्ग शहर के 104 स्थानों पर 791.83 लाख की राशि से सार्वजनिक मंच में डोमशेड, मंच निर्माण और सामुदायिक भवन बनाने की स्वीकृति मिलने के बाद कार्य जारी है। अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण से शहर के 22 स्थानों पर जैतखाम, भवन निर्माण हेतु 168.60 की राशि स्वीकृत हो चुकी है।
कॉलोनी निर्माण
सिंचाई विभाग के सिविल लाईन और मोहन नगर दुर्ग शासकीय कर्मचारियों को आवास की सुविधा देने 598.35 लाख की लागत से आवास निर्माण योजना मंजूर की गई है।

विशाल सर्किट हाउस का निर्माण होगा, ऑडिटोरियम का निर्माण शीघ्र पूरा होगा

पांच मंजिला विशाल सर्किट हाउस का निर्माण दुर्ग में किया जाएगा। पुराने रेस्ट हाउस के सर्वेंट क्वार्टर की जगह पर यहां स्वीमिंग पुल और जिम जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएगी। साइंस कॉलेज के सामने भव्य आ़डिटोरियम का निर्माण शीघ्र पूरा हो जाएगा। इसके लिये 13 करोड़ की अतिरिक्त राशि उपलब्ध कराई जा रही है।

70 सरकारी स्कूल बनेंगे स्मार्ट, 12 करोड़ की लागत से नालंदा परिसर का निर्माण जारी
शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने कहा कि क्षेत्र के 70 स्कूलों को स्मार्ट स्कूल के रूप में विकसित करने सीएसआर मद से राशि उपलब्ध कराई गई है। बेहतर शिक्षा के लिये 12 करोड़ की लागत से नालंदा परिसर का निर्माण कार्य चल रहा है। जेआरडी स्कूल में डेढ़ करोड़ की लागत से ऑडिटोरियम बनाया जाएगा।

Check Also

फर्जीवाड़ा : बिक चुकी जमीन का नामांतरण कराने के बाद दोबारा बेचा : कलेक्टर से शिकायत, जांच की मांग

THE CG NEWS दुर्ग। शहर में जमीन के नाम पर फर्जीवाड़े का बड़ा खेल किया …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!