- स्टंट के बाद सोशल मीडिया पर किया शेयर
- बिना नंबर प्लेट की तेज रफ्तार कार चलाने पर भी कार्रवाई
द सीजी न्यूज
भिलाई। सेंट्रल एवेन्यू में कार स्टंट करने वाले 3 कार चालकों का ट्रैफिक पुलिस ने चालान काटा है। 10 दिसंबर की रात स्टंटबाजों ने लाइन से तीन कारों पर सेंट्रल ऐवन्यू में रैली निकाली। इस दौरान सभी कारों के गेट खोलकर गाड़ी चलाने और गेट पर बैठकर वीडियो बनाया। बाद में इसे एक छात्र नेता ने सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया। ट्रैफिक पुलिस ने 11 दिसंबर को कार चालकों के खिलाफ कार्रवाई की।
ट्रैफिक पुलिस ने बताया कि 9 दिसंबर को सोशल मीडिया और कंट्रोल रूम के माध्यम से पुलिस को वीडियो मिला। वीडियो में तीनों वाहन चालक अपनी कार की खिड़कियों से बाहर झुककर तेज रफ्तार में स्टंट करते हुए दिखाई दे रहे थे। इससे न सिर्फ उनकी जान जोखिम में थी, बल्कि राहगीरों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ गई।
वीडियो वायरल होते ही ट्रैफिक पुलिस ने जांच शुरू की और 24 घंटे के भीतर तीनों वाहनों को चिन्हांकित कर जब्त कर लिया। 10 दिसंबर को एक अन्य वीडियो की शिकायत भी मिली, जिसमें सेंट्रल एवेन्यू रोड पर बिना नंबर प्लेट वाली कार को अवैध रूप से सायरन बजाते हुए देखा गया। तेज रफ्तार वाहन से आम लोगों को खतरा था।
इस मामले में भी ट्रैफिक पुलिस की टीम ने 24 घंटे में वाहन को पकड़ा और यातायात मुख्यालय लाया गया। ट्रैफिक पुलिस सोशल मीडिया पर इस तरह के वीडियो को खंगाल कर कार्रवाई कर रही है। ट्रैफिक पुलिस ने बताया कि सड़क पर स्टंट, तेज गति, रॉन्ग-साइड ड्राइविंग, बिना दस्तावेज वाहन संचालन और अवैध सायरन/फ्लैशर उपयोग के खिलाफ लगातार कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। सार्वजनिक मार्ग पर स्टंट या वीडियो बनाने का प्लेटफॉर्म बनाने पर पुलिस कार्रवाई करेगी।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal