Breaking News

झूठ बोलकर रचाई चौथी शादी : पत्नी को लगाया 32 लाख का चूना

द सीजी न्यूज

दुर्ग। पूर्व में तीन शादी कर चुके आरोपी ने झूठ बोलकर चौथी शादी की। इसके बाद चौथी पत्नी से लाखों रुपए लेकर फरार हो गया। आरोपी हमेशा समाचार पत्र में शादी का झूठा विज्ञापन छपाकर महिलाओं से धोखेबाजी करता था। पीडि़ता की शिकायत पर मोहन नगर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज किया। बार-बार ठिकाना बदल कर रहने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड में जेल भेज दिया है।
मोहन नगर पुलिस ने बताया कि प्रार्थिया ने शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपी बिरेन कुमार सोलंकी (54 वर्ष) पिता चमन सिंह सोलंकी, निवासी तरातमा बंगलोत प्लॉट नंबर 2 शिवम पार्क कच्छ थाना भुज गुजरात ने अपनी पहचान छिपाकर व पूर्व में की गई शादी की जानकारी दिये बिना उससे शादी की थी। फरवरी 2022 को आरोपी ने चौथी पत्नी से 2 लाख रुपए ले लिए। जनवरी 2024 में 6 लाख रुपए की मांग की।
पीडि़ता ने बैंक से लोन लेकर आरोपी पति को रकम दी। इस रकम की किस्त व ब्याज चौथी पत्नी अभी तक भर रही है।

शादी के बाद पैसे की जरूरत पडऩे पर आरोपी ने पीडि़ता के गहने गिरवी रखकर 1,30,000 का गोल्ड लोन लिया था। गोल्ड लोन की किस्त भी उसकी पत्नी ही जमा कर रही है। बिरेन कुमार सोलंकी ने उससे गूगल पे और अकाउंट पे के माध्यम से 18 लाख रुपए ले चुका है। वह जब भी दुर्ग आता तो साथ में रकम लेकर जाता था। जानकारी के अनुसार आरोपी अपनी पत्नी से कुल 32 लाख रुपए ले चुका है।
वर्ष 2024 में आरोपी दुर्ग आया और पीडि़ता की अनुपस्थिति में 12 लाख रुपए लेकर चला गया। पीडि़ता ने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपी अपना परिचय बदलकर ठिकाना बदलते हुए छिपकर रहने लगा। परेशान होकर पीडि़ता ने मोहन नगर थाना में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने बताया कि आरोपी बिरेन कुमार सोलंकी ने पीडि़ता को अविवाहित होने और प्राइवेट कंपनी में उच्च पद पर पदस्थ होने की जानकारी देकर ब्याह किया था। उसके झांसे में आकर पीडि़ता शादी के लिए तैयार हो गई। आरोपी दुर्ग आता था और दोनों कुछ दिन एक साथ रहते थे। दो-चार दिन रहने के बाद बिरेन वापस गुजरात चला जाता था।

Check Also

हत्या के मामले में 7 गिरफ्तार

द सीजी न्यूज दुर्ग। शहर के पटरीपार क्षेत्र में शिव जी की बारात के दौरान …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *