THE CG NEWS
दुर्ग। गणेश उत्सव के पावन अवसर पर कैबिनेट मंत्री व दुर्ग शहर विधायक गजेन्द्र यादव ने प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने भगवान गणेश से समस्त प्रदेशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि, खुशहाली की कामना की।
केबिनेट मंत्री गजेन्द्र यादव ने कहा कि गणेश उत्सव हमारी धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं से जुड़ा ऐसा पर्व है, जो समाज को एकता, भाईचारे और सकारात्मक ऊर्जा का संदेश देता है। गणेश पंडाल केवल भगवान गणेश की आराधना का केंद्र नहीं होते, बल्कि ये सामाजिक सहभागिता, सांस्कृतिक गतिविधियों और सेवा भाव के माध्यम भी बनते हैं।
उन्होंने शहर में विभिन्न गणेश समितियों द्वारा उत्साह और श्रद्धा के साथ किए जा रहे आयोजनों की सराहना करते हुए कहा कि गणेश समितियों के युवा साथी जिस समर्पण और मेहनत के साथ आयोजन को सफल बनाने में जुटे हैं, वह सराहनीय है।
केबिनेट मंत्री गजेन्द्र यादव ने आज दुर्ग शहर के विभिन्न गणेश पंडालों में पहुंचकर भगवान गणेश के दर्शन किए और गणेश समिति के सदस्यों व श्रद्धालुओं को गणेश उत्सव की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान उन्होंने समिति के सदस्यों से संवाद कर आयोजन की जानकारी ली। शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में उत्सव मनाने की अपील की।
सेवा सदन कार्यालय में भी स्थापित की गणेश प्रतिमा
मंत्री गजेन्द्र यादव ने अपने सेवा सदन कार्यालय में भी भगवान श्री गणेश की प्रतिमा स्थापित कर विधिवत पूजा-अर्चना की। उन्होंने कहा कि किसी भी शुभ कार्य की शुरुआत भगवान गणेश के स्मरण और पूजन से करने की हमारी परंपरा रही है। गणेश उत्सव के माध्यम से समाज में सकारात्मकता, श्रद्धा और सेवा की भावना को और मजबूत करने का अवसर मिलता है।
मंत्री गजेन्द्र यादव ने महिलाओं को दी तीज पर्व की शुभकामनाएं
मंत्री गजेन्द्र यादव ने प्रदेश की माताओं, बहनों व समस्त महिलाओं को तीज पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं भी दीं। उन्होंने कहा कि तीज छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक संस्कृति और परंपराओं से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व है। यह पर्व महिलाओं के उत्साह, आस्था और पारिवारिक प्रेम का प्रतीक है। उन्होंने कामना की कि हर घर में सुख-शांति और समृद्धि बनी रहे तथा सभी माताओं-बहनों का जीवन खुशियों से भरा रहे। छत्तीसगढ़ की संस्कृति और परंपराओं को सहेजने में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है और तीज जैसे पर्व हमारी सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का कार्य करते हैं।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
