- संत कालिदास बाबा को प्रदान किया जाएगा मानव रत्न पुरस्कार
- मनोरंजन झा और जमुना शर्मा की भक्ति संध्या रहेगी विशेष आकर्षण
THE CG NEWS
दुर्ग। अंतरराष्ट्रीय मानव मिलन का 32 वां राष्ट्रीय सम्मेलन आगामी 20 व 21 सितंबर को जय आनंद मधुकर रतन भवन, बांधा तालाब दुर्ग में आयोजित किया जा रहा है। सम्मेलन का आयोजन मानव मिलन संस्थापक राष्ट्र संत श्री मणिभद्र मुनि महाराज व साध्वी लक्ष्मी के पावन सानिध्य में होगा। सम्मेलन में देश के विभिन्न राज्यों के साथ ही नेपाल से भी बड़ी संख्या में गुरुभक्त परिवार पहुंचेंगे।
सम्मेलन के संयोजक निर्मल बाफना ने बताया कि सम्मेलन के दौरान समाजसेवा, मानव सेवा व सामाजिक सद्भाव के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए महामंडलेश्वर संत कालिदास बाबा को ‘मानव रत्न पुरस्कार’ से सम्मानित किया जाएगा। संत कालिदास बाबा द्वारा मानव सेवा एवं सामाजिक सद्भाव के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों के प्रति सम्मान स्वरूप यह पुरस्कार प्रदान किया जा रहा है।
भक्ति संध्या में गूंजेगा भक्ति संगीत
सम्मेलन की रात्रि में देश के ख्यातिनाम भजन गायक मनोरंजन झा और जमुना शर्मा, मुंबई द्वारा भक्ति संध्या की शानदार प्रस्तुति दी जाएगी। देश भर से आने वाले अतिथियों और गुरुभक्त परिवारों के लिए नाश्ता, भोजन, आवास व अतिथि सत्कार की विशेष सुव्यवस्थित व्यवस्था की गई है।
अंतरराष्ट्रीय मानव मिलन के अध्यक्ष हर्ष कुमार मुणोत महामंत्री अभय कोटेचा महिला अध्यक्ष कुसुम जैन ने देश के सभी मानव मिलन संगठन के सदस्यों से इस सम्मेलन में हिस्सा लेने की अपील की है।
वर्धमान स्थानकवासी जैन श्रमण संघ के अध्यक्ष धर्मचंद लोढ़ा और मंत्री राकेश संचेती ने जैन समाज सहित सभी श्रद्धालुओं व मानव मिलन परिवार के सदस्यों से अधिक से अधिक संख्या में सम्मेलन में उपस्थित होकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal