- भाजपा सरकार पर साधा निशाना
THE CG NEWS
दुर्ग। विभिन्न मांगों को लेकर अंशकालीन स्कूल सफाई कर्मचारी संघ द्वारा एक दिवसीय धरना प्रदर्शन आयोजित किया गया। धरना प्रदर्शन में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और पूर्व विधायक अरुण वोरा शामिल हुए। उन्होंने कर्मचारियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और उनकी मांगों का समर्थन किया।
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि अंशकालीन स्कूल सफाई कर्मचारी लंबे समय से कम मानदेय में स्कूलों की साफ-सफाई की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। सरकार को कर्मचारियों की मेहनत और उनकी आर्थिक परेशानियों को समझना चाहिए। चुनाव के समय किए गए वादों को पूरा करना सरकार की जिम्मेदारी है। भाजपा ने अपने घोषणा पत्र में कर्मचारियों के वेतन एवं मानदेय में 50 प्रतिशत वृद्धि का वादा किया था, अब सरकार को अपने वादे पर अमल करना चाहिए।
भूपेश बघेल ने कहा कि जिन कर्मचारियों के भरोसे स्कूलों की साफ-सफाई व्यवस्था चल रही है, उनके साथ इस तरह की अनदेखी उचित नहीं है। सरकार को कर्मचारियों की मांगों पर संवेदनशीलता के साथ तत्काल निर्णय लेना चाहिए।
अरुण वोरा ने कहा कि कर्मचारियों ने कम मानदेय में अधिक समय तक काम कराना कर्मचारियों के साथ अन्याय है। सरकार को काम के घंटे स्पष्ट रूप से निर्धारित करने के साथ मानदेय में सम्मानजनक वृद्धि करनी चाहिए। घोषणा पत्र में 50 प्रतिशत मानदेय बढ़ाने का वादा करने वाली सरकार अब अपने वादे से पीछे नहीं हट सकती। सरकार को अंशकालीन स्कूल सफाई कर्मचारियों के साथ किए गए वादे को पूरा करना चाहिए। कांग्रेस पार्टी हमेशा श्रमिकों, कर्मचारियों और कमजोर वर्गों के अधिकारों की लड़ाई में उनके साथ खड़ी रही है और आगे भी उनकी आवाज उठाती रहेगी। धरना प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में अंशकालीन स्कूल सफाई कर्मचारी उपस्थित रहे और अपनी मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ आवाज बुलंद की।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
