THE CG NEWS
नई दिल्ली। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्षी सांसदों के विरोध मार्च में पहली बार BJD भी शामिल हुई। BJD सांसद सुलता देव ने CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए और इस्तीफे की मांग की।
विरोध मार्च में शामिल होने को लेकर बीजू जनता दल सांसद सुलता देव ने पार्टी का रुख साफ करते हुए कहा कि पार्टी के नेता और ओडिशा के पूर्व मुख्यमंत्री नवीन पटनायक पहले ही साफ कर चुके हैं कि BJD न तो INDIA गठबंधन का हिस्सा है और न ही NDA का। सुलता देव ने कहा कि सीईसी ज्ञानेश कुमार ने जो किया, वह डेमोक्रेसी का मर्डर है।
सुलता देव ने कहा कि BJD एक जिम्मेदार क्षेत्रीय राजनीतिक दल है और जनता से जुड़े मुद्दों पर आवाज उठाना उसका अधिकार है। इसी वजह से पार्टी के सांसद निर्वाचन आयोग के खिलाफ हुए विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए।
BJD सांसद सुलता देव ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि आयोग की कार्रवाई लोकतंत्र के लिए गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने आरोप लगाया कि SIR (Special Intensive Revision) प्रक्रिया के दौरान ओडिशा में बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम हटाए गए। सुलता देव ने दावा किया कि ओडिशा में करीब 27.50 लाख मतदाताओं के नाम हटाए गए, और पूरे देश में यह संख्या करीब 13 करोड़ है।
सुलता देव ने निर्वाचन आयोग पर राजनीतिक दबाव में काम करने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि कार्रवाई से ऐसा लगता है कि आयोग को बीजेपी कार्यालय से निर्देश मिल रहे थे और उन पर अमल किया जा रहा था। उन्होंने ओडिशा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी संथाना गोपालन को लेकर भी दावा किया कि उन पर काफी दबाव था और वह VRS के लिए आवेदन कर रहे हैं।
सुलता देव ने यह भी कहा कि BJD प्रमुख नवीन पटनायक पहले से ही मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि BJD का विरोध किसी गठबंधन में शामिल होने के लिए नहीं, बल्कि मतदाताओं से जुड़े मुद्दों को उठाने के लिए है और BJD जनता के अधिकारों और लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जुड़े मामलों पर अपनी आवाज उठाती रहेगी।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
