
- 1 मई 2021 से राज्य में टीकाकरण का महा-अभियान शुरू होगा
- 18 वर्ष से अधिक आयु वाले सभी नागरिकों के लिए वैक्सीन की निःशुल्क व्यवस्था करेगी राज्य सरकार
- भारत सरकार की ओर से राज्य को माहवार प्रदाय की जाने वाली वैक्सीन की संख्या की मांगी जानकारी
द सीजी न्यूज डॉट कॉम
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी को पत्र लिखकर कहा है कि छत्तीसगढ़ में 18 वर्ष से अधिक आयु वाले सभी नागरिकों के लिये वैक्सीन की राज्य सरकार द्वारा निःशुल्क व्यवस्था की जा रही है। उन्होंने बड़े पैमाने पर वैक्सीनेशन कार्यक्रम संचालित करने वृहद कार्य योजना तैयार करने आवश्यक जानकारी प्रदान करने की मांग की है। उन्होंने मांग करते हुए कहा है कि वैक्सीन के लिए केन्द्र और राज्य सरकारों से समान दरें ली जाए।
मुख्यमंत्री ने पत्र में उल्लेख किया है कि 1 मई 2021 से वैक्सीनेशन शुरू होने में अभी 9 दिनों से भी कम समय शेष है। भारत सरकार की ओर से राज्य को माहवार प्रदाय की जाने वाली वैक्सीन की संख्या, सीरम इन्स्टीट्यूट और भारत बायोटेक द्वारा राज्य को माहवार उपलब्ध कराई जाने वाली वैक्सीन की अनुमानित संख्या, सीरम इन्स्टीट्यूट और भारत बायोटेक द्वारा केन्द्र व राज्य सरकार को उपलब्ध कराई जाने वाली वैक्सीन की दरों के संबंध में भारत सरकार से त्वरित जानकारी अपेक्षित है।
मुख्यमंत्री ने पत्र में अनुरोध किया है कि केन्द्र और राज्य सरकारों से समान दरें ली जाए। को-वैक्सीन भारत सरकार के सहयोग से विकसित की गई है, इसलिए भारत बायोटेक द्वारा “सीरम” की तुलना में कम दरों पर वैक्सीन की आपूर्ति की जाए। केन्द्र और राज्य सरकारें दोनों ही नागरिकों से करों के माध्यम से आय अर्जित करती है। इसलिए वैक्सीन की दरें समान होना न्यायोचित होगा। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री से अनुरोध किया है कि उपरोक्त जानकारी शीघ्र उपलब्ध कराने हेतु सम्बन्धितो को निर्देशित करने का कष्ट करें, ताकि राज्य सरकार आवश्यक बजट व्यवस्था, तकनीकी कर्मचारियों के प्रशिक्षण और अन्य आवश्यक तैयारी कर सकें। इसके साथ ही 1 मई 2021 से राज्य में टीकाकरण का महा-अभियान शुरू करने के साथ ही निर्धारित समयावधि में सभी पात्र नागरिकों के टीकाकरण का कार्य पूर्ण किया जा सके।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal