गजब का जज्बा … सामाजिक सरोकार से जुड़ी पहल की जमकर हो रही है सराहना

द सीजी न्यूज डॉट कॉम
राजधानी रायपुर में कोरोना बीमारी के कारण मृत 2 सौ लोगों के अंतिम संस्कार के बाद एकत्र की गई अस्थियां लेने परिवारजन नहीं पहुंचे। कांग्रेस नेता विनोद तिवारी ने गजब का जज्बा दिखाते हुए आज धार्मिक रीति-रिवाज के अनुसार महादेव घाट में सभी अस्थियों का विसर्जन कर दिया। विनोद तिवारी और उनके साथियों के सामाजिक सरोकारों से जुड़ी इस पहल की जमकर सराहना हो रही है।

विनोद तिवारी ने बताया कि पिछले कुछ महीनों में कोरोना महामारी से सैकड़ों की जान गई। बेहद कठिन समय और विपरीत हालात में प्रशासन ने मृतकों का अंतिम संस्कार किया।अपनी जान जोखिम में डालकर प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारियों ने मृतकों का अंतिम संस्कार किया। इसी दौरान कई अज्ञात व्यक्तियों का भी अंतिम संस्कार किया गया। प्रशासन ने अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए ज्ञात-अज्ञात मृतकों की अस्थियां एकत्रित कर सुरक्षित रखी थीं। हिंदू परंपरा के मुताबिक तीसरे दिन ही अस्थियां चुनकर पवित्र नदीं में विसर्जित किया जाना चाहिए।

जब महीनों के इंतजार के बाद मृतकों के परिजन अस्थियां लेने नहीं आए। ऐसी हालत में विनोद तिवारी ने रायपुर के कलेक्टर सौरभ कुमार से अस्थि विसर्जन की अनुमति ली। आज दोपहर 1 बजे महादेव घाट पहुँच कर 200 अस्थि कलशों का हिंदू परम्परा के अनुसार पूर्ण विधि विधान से पूजा-पाठ कर विसर्जन किया गया। विसर्जन के दौरान महादेव घाट में उपास्थित लोग भी इस पुण्य कार्य में भागीदार बने। लोगों ने अस्थि विसर्जन करने की पहल की सराहना की।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal